अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद में 13 सड़कों को बनाने का कार्य इस बार प्री मानसून की बारिश की भेंट चढ़ गया है। पिछले शुक्रवार से अब तक तीन बार पड़ी बौछारों ने शहर का मौसम जहां खुशनुमा किया वहीं विकास से संबंधित कार्य देरी की भेंट चढ़ रहे हैं। अब फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) सड़क का कार्य शुरू करने के लिए मौसम साफ होने और तेज धूप निकलने का इंतजार कर रहा है।
फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण की ओर से ग्रेटर फरीदाबाद की 12 सड़कों सहित कुल 13 सड़कों का पुर्ननिर्माण किया जाना था। इसमें सेक्टर-12/15 की लिंक रोड का भी निर्माण शामिल है। एफएमडीए के अध्यक्ष मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से स्वीकृति के बाद इसकी निविदा जारी कर एजेंसी को कार्य सौंपा गया था। एजेंसी को मई की शुरूआत में कार्य प्रारंभ किया जाना था। इधर शुक्रवार 2 मई की सुबह आंधी और बारिश से मौसम बदल गया। इसके बाद लगातार तीन दिनों तक पड़ी बौछारों से मौसम में नमी आ गई। एफएमडीए के कार्यकारी अभियंता केएस पठानिया ने बताया कि बारिश के चलते 13 सड़कों के निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो सका है। अब इंतजार किया जा रहा है कि मौसम खुल जाए और तेज गर्मी के दौरान सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इससे आगे चलकर सड़कों की गुणवत्ता बनी रहेगी।