After five months, 12 people confirmed the infection, the number of active patients in the district reached 41
फरीदाबाद। जिले में पांच माह बाद कोरोना के मामलों में जबरदस्त उछाल आया है। स्वास्थ्य विभाग ने बृहस्पतिवार को कोरोना के 12 नए मामलों की पुष्टि की। दूसरी ओर विदेश से लौटे 80 लोगों की दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आई है। इससे स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली। वहीं, बिना जांच के शहर में घूम रहे 730 लोग स्वास्थ्य विभाग की परेशानी बने हुए हैं। देश में कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन की दस्तक के साथ ही कोरोना मामलों में वृद्धि होने लगी है। पिछले पांच माह के दौरान पहली बार कोरोना के नए मरीजों की संख्या 10 से ऊपर गई है। बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग ने एक दिन में 12 नए मरीज मिलने की पुष्टि की गई है। इससे पहले 25 जून को सबसे अधिक 15 नए मामले सामने आए थे।
24 अक्तूबर को 10 नए मरीज मिले थे। जिले में सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 41 हो गई है। इसमें से 40 मरीज होम आइसोलेशन में हैं और एक मरीज को अस्पताल में दाखिल किया गया है। दो महीने बाद किसी मरीज को अस्पताल में दाखिल करने की जरूरत पड़ी है। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामभगत ने बताया कि बृहस्पतिवार को 2863 लोगों के सैंपल लिए गए। इनमें से 2067 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है। पहले त्यौहारों की वजह से और अब शादियों के कारण बाजारों में काफी भीड़ है। लोग बिना मास्क के बाजार में घूम रहे हैं। सामाजिक दूरी का पालन नहीं किया रहा है। जिसके चलते संक्रमण के मामले बढ़ने का खतरा बना हुआ है। संक्रमण अभी खत्म नहीं हुआ है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
विदेश से लौटे 730 लोग स्वास्थ्य विभाग को नहीं दे रहे जानकारी
बृहस्पतिवार को 96 लोग विभिन्न देशों से फरीदाबाद लौटे। विदेश से आए लोगों की संख्या बढ़कर 1877 हो गई है। इनमें से 1041 लोगों को ही स्वास्थ्य विभाग की टीम अब तक ट्रेस कर पाई है जबकि 730 लोग अभी भी अपनी यात्रा संबंधी जानकारी साझा करने से कतरा रहे हैं। इनमें से कई लोगों ने यहां पहुंच कर अपने नंबर बदल लिए, तो कई लोगों के पते फर्जी निकल रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से विदेश से लौटे लोगों का सात दिन का क्वारंटाइन का समय पूरा होने के बाद दोबारा सैंपल लिए गए। स्वास्थ्य विभाग की जांच में सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम भगत ने बताया कि विदेश से लौटे 80 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है, 90 लोगों की रिपोर्ट आना बाकी है। सभी लोगों को सात दिन के लिए होम क्वारंटाइन किया गया है। विभाग की टीम इन पर नजर बनाए हुए है।