Fill the bill online and get a cash reward of 2100, made rural consumers aware about depositing electricity bill
फरीदाबाद। बिजली निगम के ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए अच्छी खबर है। नियमित रूप से ऑनलाइन बिजली बिल भरने पर उन्हें 2100 रुपये का नकद पुरस्कार मिलेगा। ऑनलाइन प्रक्रिया (डिजिटल भुगतान) को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहन राशि देने की योजना बनाई है।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) व उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के प्रबंध निदेशक पीसी मीणा ने बताया कि ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए प्रोत्साहन राशि देने की योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत नियमित रूप से ऑनलाइन बिजली बिल जमा कराने वाले ग्रामीण उपभोक्ताओं को निगम की ओर से 2100 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके लिए सभी को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि योजना में केवल ग्रामीण उपभोक्ता ही पात्र होंगे। डीएचबीवीएन के सभी उपमंडल के अधिकारी अपने क्षेत्र में हर तीन महीने में पांच ऐसे उपभोक्ताओं का चयन करेंगे, जो नियमित रूप से भुगतान तिथि तक बिल का भरते हैं। उन्हें प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
इस प्रकार देंगे नकद पुरस्कार
अधिकारियों के अनुसार चयनित उपभोक्ताओं को प्रोत्साहन राशि देने से पहले संबंधित गांव के सामुदायिक भवन, चौपाल, स्कूल, पंचायत आदि स्थानों पर एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान मौजूद उपभोक्ताओं को ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। साथ ही उन्हें इससे होने वाले फायदे के बारे में बताया जाएगा। इस दौरान चयनित पांच उपभोक्ताओं को प्रोत्साहन राशि दिया जाएगा। मीणा ने बताया कि उपभोक्ता से अपील है कि वह अपने बिजली बिल का भुगतान नेट बैंकिंग, भीम/यूपीआई, आरटीजीएस, एनईएफटी आदि से करें।