Adolescents will also get Kovid protection cover from January 3,
फरीदाबाद। सोमवार से 15 से 18 वर्ष तक के किशोरों को कोरोना से बचाने के लिए वैक्सीन की पहली डोज दी जाएगी। केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर सेक्टर-16 स्थित सामुदायिक केंद्र, बड़खल विधायक सीमा त्रिखा नागरिक अस्पताल में और परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा बल्लभगढ़ स्थित सरकारी अस्पताल में टीकाकरण की शुरुआत करेंगे। स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों के अनुसार सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले के कुल 47 स्वास्थ्य केंद्रों पर टीके की व्यवस्था की गई है। केंद्र सरकार ने तीन जनवरी से 15 से 18 वर्ष तक के बच्चों को कोरोनारोधी टीकाकरण की घोषणा की थी। इसके तहत एक लाख 25 हजार बच्चों को टीका लगाया जाना है।
प्रदेश सरकार ने कोरोना के बढ़ते मामलों पर लगाम लगाने के लिए सभी शिक्षण संस्थान बंद कर दिए हैं। ऐसे में अब स्कूलों में टीकाकरण नहीं हो पाएगा। विभाग की योजना है कि यदि 12 जनवरी के बाद भी स्कूल खुलते हैं, तो स्कूल संचालकों के साथ बैठक करके टीकाकरण के सेशन आयोजित किए जाएंगे। वहीं, सोमवार से सरकारी केंद्रों पर टीकाकरण शुरू हो जाएगा। इसके बाद जिले की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं व आरडब्ल्यूए के सहयोग से शिविर आयोजित किए जाएंगे।
पिंक बूथ लगाकर किशोरियों का बढ़ाएंगे मनोबल बढ़ाया
अभिभावकों की काउंसलिंग कर किशोरों के टीकाकरण के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। वहीं, किशोरियों का मनोबल बढ़ाने के लिए बल्लभगढ़ स्थित सरकारी केंद्र पर पिंक बूथ लगाकर उनका मनोबल बढ़ाया जाएगा। केंद्रों पर चिकित्सकों को विशेष तैनाती की गई है। वह इस दौरान किसी भी प्रकार की शंका का समाधान करेंगे। टीका लगाने के बाद आधा घंटे निगरानी रखी जाएगी। इस दौरान किसी भी परेशानी में किशोरों को सीधे चिकित्सक सलाह पर उपचार दिया जाएगा। केंद्रों पर भीड़ को नियंत्रित करने के सुरक्षाकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई है।