फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: प्लॉट दिलाने के नाम पर सात लाख से अधिक की ठगी का आरोप

विज्ञापन
विज्ञापन
धमकी और फर्जी एग्रीमेंट तैयार करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी

बल्लभगढ़। प्लॉट दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी, फर्जी एग्रीमेंट तैयार करने, बाउंड्रीवाल तोड़ने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। थाना सदर बल्लभगढ़ पुलिस ने महिला की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला ने आरोप लगाया है कि चार वर्षों तक प्लॉट की रजिस्ट्री के नाम पर उसे लगातार गुमराह किया गया और करीब 7.86 लाख रुपये लेने के बावजूद न तो कब्जा मिला और न ही रजिस्ट्री कराई गई।


शिकायत के अनुसार गायत्री देवी मिश्रा ने बताया कि वह मूल निवासी वैशाली (बिहार) की है। वर्तमान में गांव असावटी जिला पलवल निवासी हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में गांव डीग निवासी प्रॉपर्टी डीलर जगदीश उर्फ जग्गी से प्लॉट खरीदने का सौदा किया था। जगदीश ने अपने कार्यालय में 60 वर्गगज का प्लॉट दिखाकर 7,500 रुपये प्रति वर्गगज की दर से कुल कीमत 4.50 लाख रुपये तय की। 15 फरवरी 2022 को 60 हजार रुपये बयाने के रूप में दिए गए, जबकि शेष राशि किस्तों में जमा कराई गई।
विज्ञापन




पीड़िता का आरोप है कि निर्धारित समय से पहले ही अधिकांश भुगतान कर दिया गया और बाद में जगदीश ने 60 वर्गगज के स्थान पर 80 वर्गगज का प्लॉट देने का प्रस्ताव रखा। इस पर अतिरिक्त राशि भी ली गई। शिकायत के अनुसार मार्च 2025 तक विभिन्न किस्तों में कुल करीब 6 लाख रुपये प्लॉट की कीमत के रूप में जमा करा दिए गए। इसके अलावा नगर निगम विकास शुल्क के नाम पर लगभग 1.86 लाख रुपये भी लिए गए। इस प्रकार आरोपियों ने कुल करीब 7.86 लाख रुपये वसूल लिए।



महिला का कहना है कि 19 मार्च 2025 को इकरारनामा भी कराया गया, लेकिन बाद में पता चला कि जो प्लॉट दिखाया गया था, वह पहले से किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर था। जब उन्होंने रजिस्ट्री कराने का दबाव बनाया तो आरोपी लगातार छह महीने तक बहाने बनाता रहा। बाद में कार्यालय पहुंचने पर उनके साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की की गई और जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया गया।

यह भी आरोप लगाया गया है कि 29 अक्टूबर 2025 को दोबारा कार्यालय पहुंचने पर आरोपी ने हाथ-पैर तोड़ने तथा हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंकने की धमकी दी। वहीं 15 जुलाई 2025 को राम बाबू नामक आरोपी ने जेसीबी से प्लॉट की बाउंड्रीवाल तुड़वा दी, जिससे करीब 2.50 लाख रुपये का नुकसान हुआ। विरोध करने पर राम बाबू ने भी जान से मारने की धमकी दी और पुलिस में प्रभाव होने की बात कही।
विज्ञापन

महिला ने जगदीश उर्फ जग्गी, जीत सिंह, अश्वनी मिश्रा, राम बाबू और उमेद सिंह को इस पूरे प्रकरण के लिए जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जगदीश के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामला दर्ज हो चुका है और जेल से छूटने के बाद वह लगातार परिवार को धमका रहा है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि वह लंबे समय से पुलिस के चक्कर काट रही थी, लेकिन कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सदर थाना पुलिस ने मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें