फरीदाबाद। मुजेसर थाना क्षेत्र अंतर्गत जीवन नगर में रहने वाले 23 वर्षीय युवक ने अपने पूर्व ठेकेदार व उसके सहयोगी की प्रताड़ना से तंग आकर फंदा लगा आत्महत्या कर ली। जांच के दौरान पुलिस ने मौके से सुसाइड नोट बरामद किया है, जिसमें युवक ने ठेकेदार व उसके सहयोगी को जिम्मेदार ठहराया है। उसने नोट में लिखा है कि वह अपनी प्रेमिका के साथ घूमने जाता था तो आरोपी उसका पीछा करते थे और परेशान करते थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव जहानपुर, आगरा, उत्तर प्रदेश निवासी मोहनदास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह जीवन नगर पार्ट-1 गौंछी में किराए पर रहते हैं। सबसे छोटा बेटा निखिल (23) एक एक्सपोर्ट कंपनी में संदीप ठेकेदार के पास नौकरी करता था। उसी कंपनी में काम करने वाली एक लड़की से निखिल प्यार भी करता था। आरोप है कि ठेकेदार संदीप और उसका साथी नंदकिशोर उसे अक्सर परेशान करते थे। कुछ दिन पहले निखिल ने संदीप के पास काम करना छोड़ दिया था। इसके बाद भी निखिल को दोनों परेशान करता था।
कई बार उन्होंने निखिल और युवती के साथ मारपीट भी की। नंदकिशोर और संदीप की प्रताड़ना से तंग आकर ही बुधवार को निखिल ने कमरे पर आत्महत्या कर ली। निखिल ने सुसाइट नोट भी लिखा है, जिसमें इन दोनों को आत्महत्या के लिए जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।