डीपीआर तैयार करने के लिए टेंडर जारी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर में ट्रैफिक जाम खत्म करने के लिए तीन नंबर पुलिया से दशहरा मैदान तक प्रस्तावित चार लेन फ्लाईओवर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) ने इसके लिए परामर्शदाता कंपनी की सेवाएं लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्रस्तावित फ्लाईओवर तीन नंबर पुलिया से शुरू होकर अवंतीबाई चौक और ईएसआई चौक होते हुए दशहरा मैदान तक बनाया जाना प्रस्तावित है। एफएमडीए की ओर से जारी टेंडर के अनुसार, परामर्शदाता एजेंसी को इस पूरे प्रोजेक्ट की डीपीआर तैयार करनी होगी। इसमें प्रस्तावित चार लेन फ्लाईओवर की तकनीकी और परियोजना संबंधी विस्तृत जानकारी तैयार की जाएगी। इस कार्य की अवधि 90 दिन निर्धारित की गई है।
एफएमडीए ने इस कार्य के लिए बुधवार को को टेंडर जारी किया है। इच्छुक एजेंसियां 19 सितंबर अपनी निविदाएं ऑनलाइन जमा कर सकेंगी।
अवंतीबाई चौक और ईएसआई चौक से होकर गुजरेगा फ्लाईओवर
प्रस्तावित फ्लाईओवर का रूट शहर के महत्वपूर्ण यातायात मार्गों को जोड़ने वाला होगा। यह तीन नंबर पुलिया से शुरू होकर अवंतीबाई चौक और ईएसआई चौक के रास्ते दशहरा मैदान तक पहुंचेगा। इस मार्ग पर वर्तमान में वाहनों का दबाव रहता है। फ्लाईओवर बनने से प्रमुख चौराहों पर यातायात का दबाव कम करने और वाहन चालकों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।
डीपीआर से तय होगा परियोजना का स्वरूप:
एफएमडीए ने फिलहाल डीपीआर तैयार करने के लिए कंसल्टेंसी एजेंसी नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू की है। डीपीआर में फ्लाईओवर की तकनीकी जरूरत, डिजाइन, निर्माण से जुड़ी आवश्यकताओं और परियोजना की लागत सहित विभिन्न पहलुओं का अध्ययन किया जाएगा। डीपीआर तैयार होने के बाद ही परियोजना के निर्माण से जुड़ी अगली प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी। इस परियोजना को शहर के यातायात ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। खासकर तीन नंबर पुलिया, अवंतीबाई चौक और ईएसआई चौक क्षेत्र में ट्रैफिक जाम को चात्म करने में मदद मिलेगी।