फरीदाबाद। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना संक्रमण के 96 नए मामलों की पुष्टि की गई। इस दौरान 84 मरीज स्वस्थ भी हुए। इस दौरान सर्वाधिक मामले सेक्टर-21 से मिले। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक बीते अप्रैल में भी सर्वाधिक सक्रिय व नए मामलों की पुष्टि इस क्षेत्र से हुई। चिंता की बात है कि जिले में हर 100 में से 11 मामले पॉजिटिव मिल रहे हैं।
मंगलवार को कोरोना के सबसे अधिक मामले सेक्टर-21, 28, सैनिक कॉलोनी से मिले। दोनों ही क्षेत्रों से एक दिन में आठ मामलों की पुष्टि हुई। सेक्टर-29 से पांच और ग्रीन फील्ड कॉलोनी से छह मामले सामने आए। ऐसे में जिले में सक्रिय मामलों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार तक जिले में कुल सक्रिय मामलों की संख्या 673 रही। इसमें से नौ मामले अस्पताल में उपचाराधीन हैं। शेष 664 संक्रमितों का इलाज घर में एकांतवास में किया जा रहा है। विभाग की ओर से होम आइसोलेशन में उपचाराधीन मरीजों को सख्ती हिदायत की कि वह निर्देशों का उल्लंघन कर अन्य लोगों से न मिलें। स्वस्थ होने तक अपने आप को दूसरे लोगों से दूर रखें। इससे संक्रमण को काबू करने के साथ ही परिजनों को स्वस्थ रखने में मदद मिलेगी। मंगलवार को जिले में कोई कोरोना संक्रमित आईसीयू, ऑक्सीजन सपोर्ट और वेंटिलेटर पर उपचाराधीन नहीं रहा। चिंता की बात है कि जिले में हर सौ में से 11 मामले पॉजिटिव मिल रहे हैं। दूसरी ओर राहत की बात है कि संक्रमितों के स्वस्थ होने की दर 98.90 प्रतिशत है। बीते 24 घंटों में जिले में 833 नए जांच नमूने लिए गए। जिले में फिलहाल 1673 सैंपल की रिपोर्ट लंबित है।
संक्रमण दर बढ़ रही है। लोग एहतियात बरतें। टीकाकरण जरूर कराएं। बेहतर हो कि बगैर काम घर से न निकलें। इससे गर्मी व संक्रमण दोनों से बचाव होगा।
- डॉ. रामभगत कोविड-19 नोडल अधिकारी