फरीदाबाद बीके नागरिक अस्पताल में कोरोना जांच करवाने के लिए लगी लोगों की लाइन ।
- फोटो : Faridabad
फरीदाबाद। स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को कोरोना के 83 नए मामलों की पुष्टि सोमवार की। अब जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 333 हो गई है। इनमें से केवल तीन मरीज ही अस्पतालों में भर्ती हैं। वहीं, अन्य को होम आइसोलेशन में रखा गया है। बीते 24 घंटों में नौ मरीजों के स्वस्थ होने की पुष्टि भी स्वास्थ्य विभाग ने की है।
रिपोर्ट के अनुसार सेक्टर-14, 15, 16 21 और ग्रीन फील्ड कॉलोनी में संक्रमण तेजी से फैल रहा है। हर दिन यहां करीब सात मामले मिल रहे हैं। ऐसे में इन क्षेत्रों को हॉट-स्पॉट माना जा रहा है। चिंताजनक है कि बीते चार दिनों से जिले में कोरोना संक्रमितों की रिकवरी दर भी लगातार कम हो रहा है। रविवार को जिले का रिकवरी दर 98.95 फीसदी रह गया।। वहीं, संक्रमितों के संपर्क में आए 3349 लोगों पर स्वास्थ्य विभाग लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।
जीनोम सीक्वेंसिंग की जांच रिपोर्ट लंबित
विदेश से लौटे 90 लोगों के सैंपल अब तक जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए हैं। इसमें से शनिवार को 20 लोगों के सैंपल लिए गए। अभी 30 सैंपल की रिपोर्ट लंबित है। जिले में अब तक ओमिक्रॉन के छह मामले मिले जो सभी स्वस्थ हो चुके हैं। रविवार को 2661 लोगों की सैंपलिंग की गई। फिलहाल 3115 लोगों की सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है। - डॉ. रामभगत, उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी