बल्लभगढ़। ऑनलाइन नौकरी तलाश रहे एक युवक ने पैसे कमाने के लिए एक शॉर्टकट ढूंढ़ा। उसे इंटरनेट पर जिगोलो बनने का ऑफर मिला। मोटी रकम कमाने का लालच देकर आरोपियों ने करीब 75 हजार रुपये ऐंठ लिये। काम न मिलने पर जब पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे तो वे जान से मारने की धमकी देने लगे। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत दर्ज कर ली है।
सेक्टर-3 निवासी एक युवक ने पुलिस को बताया कि उसने कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर नौकरी की तलाश शुरू की थी। इसके लिए उसने कई पोस्ट पर अपना नंबर साझा किया था। कुछ दिनों बाद उसके पास मनदीप नाम के युवक का फोन आया। उसने जिगोलो बनने का ऑफर दिया। आरोपी ने कहा कि पहचान गुप्त रखी जाएगी और इसके बदले में उसे मोटी रकम भी मिलेगी। वह उसके झांसे में आ गया। आरोपी ने उससे मेडिकल के नाम पर करीब ढाई हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
इसके बाद एक अन्य प्रक्रिया के लिए दो हजार रुपये दोबारा से ले लिए। दो दिन बाद युवक के पास जयपुर राजस्थान से अश्वनी मिश्रा का फोन आया। उसने खुद को इंडियन एस्कॉर्ट सर्विसेज का कर्मचारी बताया। उसने कहा कि नियमित सदस्यता के लिए 30 हजार का खर्च आएगा। उसके बाद ही उसे किसी के पास भेजा जाएगा। पैसे देने के बाद एक तीसरे युवक का फोन आया। उसने खुद को लखनऊ निवासी नितिन कुमार बताया। नितिन ने कहा कि उसकी फाइल फाइनल हो चुकी है।
बस उसके लिए चालीस हजार और लगेंगे। युवक ने यह राशि भी ट्रांसफर कर दी। आरोप है कि कई महीनों तक उसके पास कोई फोन नहीं आया। इसके बाद उसने उन नंबरों पर फोन करना शुरू किया। पीड़ित ने कहा कि उसे कोई नौकरी नहीं चाहिए। उसके पैसे वापस कर दो। इस पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है।