66kv power station will be built in green field
फरीदाबाद। बिजली की समस्या से जूझ रहे ग्रीन फील्ड कॉलोनी वासियों के लिए राहत भरी खबर है। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) की ओर से कॉलोनी में 66 केवी सबस्टेशन बनाने की योजना तैयार की गई है। योजना का प्रस्ताव तैयार मंजूरी के लिए उच्च अधिकारियों के समक्ष भेजा गया है। मंजूरी मिलती ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
सूरजकुंड रोड स्थित ग्रीन फील्ड कॉलोनी में करीब चार हजार परिवार निवास करते हैं। यहां बिजली सप्लाई सेक्टर-46 सबस्टेशन से की जाती है। ग्रीन फील्ड कॉलोनी में बिजली की डिमांड अधिक रहने से सबस्टेशन पर लोड अधिक रहता है। ओवर लोडिंग के कारण कई बार सबस्टेशन में फाल्ट हो जाता है। एक बार फाल्ट से बिजली जाने से इसे ठीक करने में पांच से से छह घंटे का समय लग जाता है। हालांकि पिछले दिनों बिजली निगम ने यहां ओवरलोडिड ट्रांसफार्मर की जगह करीब 15 नए अधिक क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाए। इससे लोगों को काफी हद तक राहत मिली है, मगर गर्मी शुरू होने पर समस्या बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। इसके साथ ही कॉलोनी में अभी कई मकान खाली है। जब ये भर जाएंगे तब बिजली की डिमांड और बढ़ जाएगी। ऐसे में डीएचबीवीएन ने भविष्य में होने वाली समस्या को देखते हुए सबस्टेशन बनाने की योजना बनाई हैं।