फरीदाबाद। हरियाणा सरकार की महत्वाकांक्षी लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ दिलाने वाले दस्तावेज ही अब महिलाओं के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। जिले की 55 महिलाओं को योजना की लाभार्थी सूची से बाहर कर दिया गया है। दस्तावेजों में त्रुटि मिलने के बाद इन महिलाओं का भुगतान रोक दिया गया है।
लाभ से वंचित महिलाएं पिछले कई दिनों से अपनी समस्या दूर कराने के लिए नागरिक संसाधन सूचना विभाग (क्रिड) और जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय के चक्कर काट रही हैं। महिलाओं का कहना है कि दस्तावेजों में मामूली खामी के कारण उन्हें आर्थिक सहायता नहीं मिल पा रही है। इससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
जिले में वर्तमान में 11,390 महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना के तहत हर महीने 2,100 रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है। वहीं 500 से अधिक आवेदन अभी भी सत्यापन के कारण लंबित हैं। अधिकारियों के अनुसार दस्तावेजों में त्रुटि वाले मामलों में तकनीकी समस्या सामने आई है। जांच में किसी महिला के आधार में उम्र कम दर्ज मिली तो किसी आवेदन में आवेदक की जगह किसी अन्य व्यक्ति की फोटो अपलोड हो गई। कुछ महिलाओं के पीपीपी में वार्षिक आय एक लाख रुपये से अधिक दर्ज है। निदेशालय की ओर से इन 55 महिलाओं की सूची जारी की गई है। अब दस्तावेजों में सुधार के बाद सत्यापन होने पर ही योजना का लाभ दोबारा मिलने की उम्मीद है।