कचरा निस्तारण प्लांट से लेकर झाड़सेंतली में एसटीपी बनाने पर होगी चर्चा
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नगर निगम की वित्त कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक बृहस्पतिवार को आयोजित की जाएगी। मेयर प्रवीण जोशी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में शहर के विकास और पर्यावरण से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा होगी। बैठक में करीब 60 से 70 करोड़ रुपये के विकास कार्यों पर मुहर लगने की उम्मीद है। बैठक में निगमायुक्त यशेंद्र सिंह के अलावा वित्त कमेटी के सदस्य पार्षद मनोज नासवा सहित निगम के कई अधिकारी मौजूद रहेंगे।
बैठक में सोतई गांव में कचरा निस्तारण प्लांट लगाने का प्रस्ताव प्रमुख रूप से शामिल है। शहर में लगातार बढ़ रही कचरे की समस्या के बीच इस प्लांट को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके अलावा लावारिस पशुओं को नूंह के संगेल स्थित गौशाला भेजने की व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की जाएगी। झाड़सेंतली में दो एमएलडी क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित करने का प्रस्ताव भी बैठक में रखा जाएगा। इसके साथ ही शहर में तीन कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (सीईटीपी) विकसित करने पर भी विचार किया जाएगा। इन परियोजनाओं का उद्देश्य सीवेज और औद्योगिक अपशिष्ट के निस्तारण की व्यवस्था को मजबूत करना है।
बैठक में सेक्टर-4 से सेक्टर-18 तक बाईपास रोड के साथ वन क्षेत्र विकसित करने, भूपानी गौशाला से जुड़े कार्यों और हरियाणा इलेक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी-2022 के क्रियान्वयन पर भी चर्चा होगी। निगम अधिकारियों द्वारा संबंधित प्रस्तावों की जानकारी कमेटी के समक्ष रखी जाएगी। वित्त कमेटी की मंजूरी के बाद इन कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।