पांच से 18.5 लाख रुपये तक के सालाना पैकेज पर हुआ चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जेसी बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को पढ़ाई पूरी होने से पहले ही नामी कंपनियों में नौकरी के अवसर मिल रहे हैं। सत्र 2026-27 के प्लेसमेंट अभियान के तहत अब तक 51 विद्यार्थियों का चयन हो चुका है। इन्हें पांच लाख से 18.5 लाख रुपये सालाना तक के वेतन पैकेज मिले हैं। मैकेनिकल, कंप्यूटर, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों को कोर सेक्टर और आईटी कंपनियों में अवसर मिल रहे हैं।
हाल ही में आयोजित प्लेसमेंट ड्राइव में 27 विद्यार्थियों को प्रेफर्ड स्क्वायर, केसलेक, हीरो मोटोकॉर्प, एस्कॉर्ट्स कुबोटा लिमिटेड और एसएमएस ग्रुप जैसी कंपनियों में नौकरी मिली है। इससे इंजीनियरिंग के विभिन्न क्षेत्रों में विद्यार्थियों की मांग का पता चलता है।
विश्वविद्यालय के अनुसार, सत्र 2025-26 में 500 से अधिक कंपनियों ने प्लेसमेंट प्रक्रिया में हिस्सा लिया था। इस दौरान अमेजन ने 45 लाख रुपये, एडोबी ने 47 लाख रुपये और सिस्को इंडिया ने 41 लाख रुपये सालाना के पैकेज पर विद्यार्थियों का चयन किया था। सैमसंग आरएंडडी में भी विद्यार्थियों को 15.6 लाख रुपये सालाना का पैकेज मिला था।
कुलगुरु प्रो. संजय कौशिक ने कहा कि प्रतिष्ठित कंपनियों की ओर से विद्यार्थियों को अंतिम सेमेस्टर पूरा होने से पहले नौकरी के प्रस्ताव मिलना विश्वविद्यालय के लिए गर्व की बात है। वहीं, ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट अधिकारी प्रो. विकास कुमार ने बताया कि आईटी के साथ मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे कोर सेक्टर में भी कंपनियां रुचि दिखा रही हैं। विश्वविद्यालय का रोजगार एवं प्रशिक्षण कार्यालय विद्यार्थियों को बेहतर अवसर दिलाने के लिए तकनीकी सत्र, सॉफ्ट स्किल कार्यशालाएं और मूल्यांकन परीक्षाएं आयोजित कर रहा है।