- भीषण गर्मी के बावजूद भी भोर में खुले में होगा योग, पेयजल और पंखों की सुविधा दी जाएगी
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। गर्मी का तापमान दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। लोगों ने घरों से निकलना भी कम कर दिया है। वहीं, 21 जून को होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर भी प्रशासन की ओर से तैयारी शुरू कर दी गई है। इस बार योग दिवस सेक्टर 12 स्थित खेल परिसर के मैदान में आयोजित किया जाएगा। इसे लेकर प्रशासन की ओर से गर्मी से निपटने के लिए पानी के साथ-साथ पंखों की सुविधा की जा रही है।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मनीषा ने बताया कि योग दिवस का कार्यक्रम सुबह 6 बजे से साढ़े 7 बजे तक आयोजित होगा। इस बार पारा दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। इसके चलते खेल परिसर में आने वाले पांच हजार से अधिक लोगों के लिए गर्मी से बचने के पूरे इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि योग तो खुले मैदान में किया जाएगा लेकिन एक हजार से ज्यादा पंखे मैदान के चारों और व बीच में लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा आने वाले लोगों को ठंडा और साफ पाने का पानी मिले। इसके लिए 100 से अधिक छोटे बड़े वाटर कूलर और पानी की नल को लगाया जा रहा है। अगर योग के दौरान किसी भी व्यक्ति की तबीयत खराब होती है तो उसके लिए तीन एंबुलेंस मौजूद रहेगी। वहीं ओआरएस के पैकेट भी काफी मात्रा में मौजूद रहेंगे। इसके अलावा तीन से चार डॉक्टरों की टीम भी मौजूद रहेगी।
19 के बाद हो सकता है मौसम सुहाना
मौसम विभाग का कहना है कि 19 व 20 को बरसात हो सकती है। अगर इन दो दिनों में बरसात हो जाती है तो गर्मी से लोगों को काफी राहत मिलेगी। इसके चलते योग दिवस पर ज्यादा से ज्यादा लोग पहुंच सकेंगे।
आज होगा 10वां योग मैराथन
10वें योग मैराथन का आयोजन 19 जून बुधवार को किया जा रहा है। वहीं 20 जून को फुल ड्रेस योग दिवस की रिहर्सल की जाएगी। अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. आनन्द शर्मा ने बताया कि आगामी 21 जून को 10वें अंतरराष्ट्रयी योग दिवस का आयोजन हरियाणा राज्य खेल परिसर सेक्टर-12 में आयोजित किया जाएगा। योग दिवस से पहले 19 जून को योग मैराथन दौड़ होगी। यह योग मैराथन खेल परिसर सेक्टर-12 से शुरू होकर सेक्टर-15 गीता मंदिर के सामने से होते हुए सेक्टर-15 हुड्डा मार्केट से बीएसएनएल ऑफिस के आगे से होते हुए सेक्टर-15 पुलिस स्टेशन के आगे से गुजरते हुए खेल परिसर में समाप्त होगी। इस दौरान यातायात पुलिस ट्रैफिक कंट्रोल के लिए मुस्तैद रहेगी। साथ ही आमजन से अपील की अधिक से अधिक संख्या में योग मैराथन और योग दिवस से बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।
इन जगहों पर भी होगा योग दिवस का आयोजन
सेक्टर 12 स्थित खेल परिसर के अलावा उपमंडल स्तर पर तिगांव और बड़खल में भी योग दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इसके अलावा जिले के हर गांव के सरपंच भी अपने-अपने गांव में योग दिवस का आयोजन करते हैं। वहीं, ग्रेटर फरीदाबाद स्थित सोसाइटी के लोग भी क्लब व मैदान में योग दिवस मनाएंगे।