आरोपी गिरफ्तार, 7 दिन के रिमांड पर लेकर पुलिस टीम कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। पार्सल में संदिग्ध सामान बता डिजिटल अरेस्ट कर 25.40 लाख की ठगी में से 5 लाख रुपये अहमदाबाद के 12वीं पास युवक के खाते में पहुंचे थे। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने जांच करते हुए आरोपी युवक रितिन दलिप वनारसे को गिरफ्तार कर लिया है। युवक अपने पिता के काम प्रिंटिंग प्रेस में मदद करता है। इसने अपना खाता साइबर ठगों को दे रखा है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को 7 दिन के रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है।
मामले में सेक्टर-80 एरिया के रहने वाले व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी थी। जिसमें कहा गया कि उन्हें कुछ महीने पहले एक नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को कस्टम अधिकारी बताया और आरोप लगाया कि तुम्हारे नाम से मलेशिया के लिए बुक पार्सल में 16 फर्जी पासपोर्ट, 58 डेबिट कार्ड और अवैध नशीला पदार्थ मिला है। शिकायतकर्ता ने कहा कि मैंने कोई पार्सल बुक नहीं किया। फिर मुंबई के सीबीआई अधिकारी ने बात की और वेरिफिकेशन के नाम पर आधार कार्ड व फोटो लिया। बाद में कहा कि तुम पर केस दर्ज हो गया है और गिरफ्तारी का डर दिखाकर वीडियो कॉल पर डिजिटल अरेस्ट कर 25.40 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच करते हुए अब आरोपी को गुजरात अहमदाबाद से गिरफ्तार किया है।