फरीदाबाद। हरियाणा पुलिस के सेवानिवृत्त सब इंस्पेक्टर जाकिर हुसैन के खाते से 3.40 लाख रुपये निकाल लिए। इसकी जानकारी पासबुक को अपडेट कराने के दौरान मिली। किसी ने फ्लिपकार्ट पर करीब 10 बार खरीदारी की। साइबर थाना पुलिस ने चार माह बाद मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
एसजीएम नगर निवासी जाकिर हुसैन ने बताया कि सेक्टर-12 के लघु सचिवालय स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) में खाता है। बीते साल 30 अक्तूबर को खाते की बैलेंस जांच की तो करीब 14.56 लाख रुपये थे। इसके ठीक एक माह बाद 30 नवंबर को बैंक में पासबुक को अपडेट कराने पहुंचे। पासबुक एंट्री के दौरान अंकित बैलेंस देख होश उड़ गए। खाते से 3.40 लाख रुपये कम हो गए थे। किसी ने पैसों की निकासी की थी और मैसेज भी नहीं आया। पीड़ित ने बताया कि इसकी जानकारी उन्होंने बैंक मैनेजर से मांगी, तो संतोषजनक जवाब नहीं दिया। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। संवाद