फरीदाबाद। क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने दो लोगों से 3.20 लाख रुपये ठग लिए। साइबर थाना पुलिस ने पीड़ितों की शिकायतों पर अज्ञात के खिलाफ मामले दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, भाटी गांव निवासी सुनील ने बताया कि 29 नवंबर को मोबाइल पर एक फोन आया था। फोन करने वाले शख्स ने स्वयं को बैंक कर्मी बताया। आरोपी ने कहा कि क्रेडिट कार्ड बंद हो जाएगा। इसलिए नया कार्ड जारी करा लें। आरोपी मोबाइल पर ही कार्ड जारी होने के तरीके बताने लगा। पीड़ित के अनुसार, मोबाइल पर कुछ प्रक्रिया करने के बाद एक वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) आया। आरोपी ने बातों में उलझाकर वह ओटीपी नंबर पूछ लिया। इसके बाद आरोपी ने उनके दो क्रेडिट कार्ड से 1.25 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर थाने में दी है।
वहीं, दूसरा मामला सूरजकुंड थाना क्षेत्र का है। चार्मवुड विलेज निवासी गोविंदा प्रसाद झंवर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि 17 अप्रैल को उन्हें एक व्यक्ति ने फोन कर बताया कि वह बैंक कर्मचारी है। आरोपी ने कहा कि क्रेडिट कार्ड पर काफी प्वाइंट हैं, जिन्हें वह रिडीम कर सकते हैं। ये प्वाइंट उनकी कार्ड लिमिट में जुड़ जाएंगे। इससे उन्हें ज्यादा लाभ होगा। इसके बाद आरोपी ने पीड़ित को लिंक भेज कर उसे भरने के लिए कहा। आरोपी ने उससे ओटीपी भी भरवाया। ओटीपी भरते ही पीड़ित के क्रेडिट कार्ड से 1.95 लाख रुपये निकल गए। पीड़ित ने तुरंत मामले की शिकायत पुलिस को दी और अपना कार्ड ब्लॉक करवाया। साइबर थाने के अधिकारियों ने बताया कि दोनों ही मामले मंगलवार को दर्ज किए गए हैं।