विधायक मूलचंद शर्मा बोले - जल्द मिलेगा स्टाफ, नई इमारत बनने की प्रक्रिया अंतिम चरण में
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। सेक्टर-23 स्थित राजकीय महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। उच्चतर शिक्षा विभाग ने महाविद्यालय के लिए प्राचार्य सहित कुल 25 पद स्वीकृत कर दिए हैं। विधायक मूलचंद शर्मा ने बताया कि विभाग की मंजूरी के बाद अब कॉलेज में शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों की नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
विधायक मूलचंद शर्मा ने कहा कि सेक्टर-23 में को-एड राजकीय महाविद्यालय की नई इमारत का निर्माण भी जल्द शुरू होने वाला है। इसकी प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है और भवन तैयार होने के बाद विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त परिसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस महाविद्यालय की शुरुआत लगभग दो वर्ष पहले की गई थी। वर्तमान में इसकी कक्षाएं राजकीय महाविद्यालय खेड़ी गुजरान में संचालित हो रही हैं और वहीं का स्टाफ विद्यार्थियों को शिक्षण कार्य करा रहा है। अब नए पद स्वीकृत होने के बाद कॉलेज को अपना अलग स्टाफ मिलेगा, जिससे शिक्षण व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
विधायक ने कहा कि सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सभी स्वीकृत पदों पर नियुक्तियां होने के बाद विद्यार्थियों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा और महाविद्यालय का शैक्षणिक स्तर भी बेहतर होगा। फिलहाल महाविद्यालय के प्राचार्य का कार्यभार संभाल रहे सुनील शर्मा ने बताया कि उच्चतर शिक्षा विभाग ने महाविद्यालय के लिए 17 शिक्षकों के पद, एक प्राचार्य का पद तथा सात गैर-शिक्षण पद स्वीकृत किए हैं। इनमें एक लाइब्रेरियन, एक डिप्टी सुपरिंटेंडेंट, एक असिस्टेंट, दो क्लर्क, एक स्टेनो सहित कुल 25 पद शामिल हैं। इन पदों पर नियुक्तियां होने के बाद कॉलेज की शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था को नई गति मिलेगी।