राजधानी एक्सप्रेस के नीचे 50 किलोमीटर तक घिसटता रहा शव
फरीदाबाद। ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन के पास राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आए एक युवक के शव का आधा हिस्सा यहां से करीब 50 किलोमीटर दूर पलवल के शोलाका रेलवे स्टेशन के पास मिला। राजकीय रेलवे पुलिस फरीदाबाद की टीम शोलाका जाकर शव का आधा हिस्सा लेकर आई। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है।
पुलिस के अनुसार रविवार की सुबह करीब 8.30 बजे ओल्ड रेलवे स्टेशन के पास करीब 35 वर्षीय एक युवक मथुरा की ओर जा रही राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। ट्रेन की रफ्तार तेज होने के कारण उसका आधा शरीर कटकर मौके पर रह गया जबकि आधार शरीर इंजन में फंस गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंची जीआरपी को शव का आधा हिस्सा ही मिला तो पुलिस ने शेष हिस्से की दूर तक तलाश की, मगर पता नहीं चला। इस दौरान पुलिस को शोलाका रेलवे स्टेशन से सूचना मिली कि उन्हें यहां एक शव का आधा हिस्सा मिला है। इस पर यहां से पुलिस टीम शोलाका जाकर शव के शेष आधे हिस्से को लेकर आई और उसे बीके अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। जांच अधिकारी एएसआई सोहनपाल ने बताया कि मृतक की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
धोखाधड़ी के आरोपी को दो साल की सजा
फरीदाबाद। बिजली विभाग की रसीद छपवाकर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले नई दिल्ली के अशोक नगर हरिनगर निवासी रवींद्र पाल उर्फ कुलजीत को अतिरिक्त मुख्य दंडाधिकारी तरुण सिंघल की अदालत ने दो साल की सजा और 500 रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। बैंक ऑफ इंडिया बल्लभगढ़ शाखा के मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया था। मामला वर्ष 2013 का है।