फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जमाई कॉलोनी में 200 मकान तोड़े, टूटते आशियानों को रोते-बिलखते देखा

विज्ञापन
फरीदाबाद। नगर निगम की तोड़फोड़ कार्रवाई के दौरान अपने मकानों को टूटते हुए देखते स्थानीय लोग। - फोटो : Faridabad
विज्ञापन
फरीदाबाद। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर मंगलवार को नगर निगम की टीम ने अरावली वन क्षेत्र में पाली रोड पर बने अवैध निर्माणों पर तोड़फोड़ कार्रवाई की है। चार घंटे चली कार्रवाई के दौरान 200 से अधिक मकानों को ध्वस्त कर दिया गया। मौके पर किसी भी विरोध की स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा है।
विज्ञापन

सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने कार्रवाई से पूर्व एक किलोमीटर के क्षेत्र को सील कर दिया। तीन जगह रूट डायवर्ट कर वाहनों को अन्य रास्तों से निकाला गया। इससे सैनिक कॉलोनी चौक स्थित अन्य जगहों पर जाम लग गया। वहीं, तोड़फोड़ कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कवरेज पर मीडिया पर एक बार फिर पाबंदी लगा दी। अरावली में वन विभाग की करीब 500 हेक्टेयर जमीन पर अवैध निर्माण बने हुए हैं। इनमें लगभग 140 फार्म हाउस, शिक्षण संस्थान, होटल व कॉलोनियां शामिल हैं। अवैध कब्जों को लेकर सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। हरियाणा सरकार ने फार्म हाउस सहित अन्य अवैध कब्जों पर स्थिति साफ करने के लिए चार सप्ताह का समय मांगा। सुप्रीम कोर्ट ने सरकार की मांग खारिज कर एक सप्ताह में रिपोर्ट देने के आदेश दिए। इससे निगम की टीम हरकत में आ गई है।
...और चंद मिनटों में ध्वस्त हो गया
लोग अपना आशियाना टूटते देख रोते बिलखते रहे। निगम दस्ते ने चंद मिनटों में उनके मकानों को ध्वस्त कर दिया। जमाई कॉलोनी के पास पाली मोड़ पर बने अवैध निर्माणों पर कार्रवाई से पूर्व सुबह करीब आठ बजे पुलिस ने एक किलोमीटर के क्षेत्र को अपने कब्जे में ले लिया। चौक-चौराहों पर पुलिस की भारी तैनाती कर दी गई। पुलिस ने वाहन के रूट को डायवर्ट कर दिया। सुबह 11 बजे निगम का तोड़फोड़ दस्ता चार जेसीबी के साथ तोड़फोड़ कार्रवाई के लिए पहुंचा। यहां करीब 400 छोटे-बड़े मकान हैं। इस दौरान घरों में पुलिस की तैनाती कर दी गई। इससे लोग विरोध न कर सकें। पांच-पांच घरों को पुलिस ने खाली करवाया। इसके बाद तोड़फोड़ शुरू की है।
विज्ञापन

मीडिया कवरेज पर पुलिस ने फिर लगाई रोक
जिला उपायुक्त और पुलिस आयुक्त के आदेशों को एक बार फिर पुलिस अधिकारियों ने अनदेेखी की। खोरी गांव में तोड़फोड़ कार्रवाई से मीडिया को दूर रखने के बाद मंगलवार को फिर पुलिस ने पाली क्षेत्र में तोड़फोड़ कार्रवाई के दौरान मीडिया को कवरेज से रोक दिया। मीडिया कर्मियों को सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को हवाला देकर मौके से लौटा दिया गया। इस संबंध में जब पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से मीडिया को अंदर जाने से रोका जाता है। इसके अलावा मीडिया कवरेज पर कोई रोक नहीं है।
दो जगह लगाए बैरिकेड
तोड़फोड़ के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने सैनिक कॉलोनी के आसपास के एक किलो मीटर क्षेत्र को सील कर दिया। सैनिक कॉलोनी मस्जिद चौक पर पुलिस ने दो जगह बैरिकेडिंग कर दी। सैनिक कॉलोनी होते हुए गुरुग्राम जाने वाले वाहनों को एसजीएम नगर बड़खल रोड की तरफ मोड़ दिया गया। बड़खल और अनखीर से आने वाले वाहनों को सेक्टर-21डी होते हुए गुजारा गया। वहीं, पाली के रास्ते फरीदाबाद आने वाले वाहनों को मानव रचना शिक्षण संस्थान की तरफ से शहर में प्रवेश दिया गया। इससे तीनों रूटों पर वाहनों की रफ्तार थम गई। ट्रैफिक धीमा हो गया। कुछ जगह जाम की स्थिति भी देखने को मिली। ट्रैफिक पुलिस ने धीरे-धीरे यातायात व्यवस्था को सुचारू किया।
आज भी होगी तोड़फोड़
नगर निगम एसडीओ जीतराम ने बताया कि मंगलवार को पाली रोड स्थित अरावली में करीब 200 अवैध निर्माणों को तोड़ा गया है। यहां 200 मकान और बचे हैं। इन पर बुधवार को कार्रवाई की जाएगी।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर अरावली में कार्रवाई की जा रही है। मंगलवार को पाली रोड स्थित अरावली क्षेत्र अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की गई। यह आगे भी जारी रहेगी।
विज्ञापन

- यशपाल यादव, निगमायुक्त
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें