फरीदाबाद। नगर निगम ने प्रॉपर्टी टैक्स बकायेदारों के खिलाफ सख्त रूप अपनाया है। इसके तहत सोमवार को ओल्ड फरीदाबाद और बल्लभगढ़ जोन में सीलिंग अभियान चलाकर 19 इकाइयों को सील कर दिया गया। इन पर 22 लाख रुपये का टैक्स बकाया है।
ओल्ड जोन-1 क्षेत्र में पांच इकाइयों (भवन) पर 6.87 लाख रुपये बकाया है। फरीदाबाद ओल्ड जोन-2 क्षेत्र में पांच इकाइयों पर 5.92 लाख रुपये बकाया है और बल्लभगढ़ जोन क्षेत्र में नौ इकाइयों पर 8.78 लाख रुपये बकाया है। इन सभी प्रॉपर्टी को सील कर दिया गया। इस दौरान सीलिंग कार्रवाई से बचने के लिए बल्लभगढ़ जोन में एक बकायेदार ने 82 हजार रुपये संपत्ति कर जमा किया है।
निगम आयुक्त यशपाल ने कहा कि सरकारी विभाग व न्यायालय में लंबित मामलों को छोड़कर निगम द्वारा लगभग 125 करोड़ का संपत्ति कर वसूल करना है। इसकी वसूली के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए है। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निगमायुक्त ने करदाताओं से अपील की है कि वह अपने-अपने बकाया की अदायगी जल्द करें। इससे पहले भी नगर निगम ने ऐसे भवनों पर सील की कार्रवाई थी।