15 to 18 year olds will be able to book slots online on the Kovin portal
फरीदाबाद। कोरोनारोधी टीके के लिए 15 से 18 वर्ष के किशोर भी कोविन पोर्टल पर ऑनलाइन स्लॉट बुक करा सकते हैं। कोविन पर इसकी सुविधा एक जनवरी से शुरू की जाएगी। जिला स्वास्थ्य विभाग इसकी तैयारी कर रहा है। साथ ही स्कूल समेत किशोर व उनके अभिभावकों को जागरूक कर रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घोषणा के बाद जिले में तीन जनवरी से किशोरों को कोरोना से बचाव के टीके लगाने के लिए तैयारी की जा रही है। ऑनलाइन बुकिंग के साथ ही अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र एवं निजी अस्पतालों में कोरोना के टीके लगाने के लिए स्लॉट बुक करा सकते हैं। सरकारी स्वास्थ्य केंद्र एवं शिविरों में उन्हें मुफ्त में टीके लगाए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार किन स्कूलों में कोरोना से बचाव के लिए टीके लगाने के शिविर लगेंगे, इसकी जानकारी शिक्षा विभाग से मांगी गई है। साथ ही स्कूल एसोसिएशन से भी इसमें आगे आने की अपील की गई है। स्वास्थ्य विभाग से संपर्क कर अपने यहां शिविर लगवा सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सरकारी व निजी स्कूलों में दो लाख छात्र हैं, जिनकी उम्र 15 से 18 वर्ष के बीच है। जिले में करीब ढाई लाख किशोरों को टीके लगाने का लक्ष्य है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनय गुप्ता ने बताया कि किशोरों के लिए एक जनवरी से कोविन पर ऑनलाइन पंजीकरण शुरू होगा। किशोर कोविन पर अपने नजदीकी क्षेत्र स्थित स्वास्थ्य केंद्र एवं शिविर पर कोरोना से बचाव के लिए टीके लगाने के लिए ऑनलाइन स्लॉट बुक करा सकते हैं। तीन जनवरी से किशोरों के लिए शुरू होने वाले टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए शिक्षा विभाग से भी मदद मांगी गई है।