बल्लभगढ़। जिले की छह मंडियों में लगभग 15 लाख क्विंटल गेहूं की खरीद सरकारी एजेंसियों द्वारा की गई है। वहीं, लगभग 2 लाख क्विंटल गेहूं का उठान भी कर लिया गया है। इसमें फरीदाबाद ओल्ड, एनआईटी, बल्लभगढ़, मोहना, तिगांव और फतेहपुर बिलौच खरीद केंद्रों में अब तक बल्लभगढ़ अनाज मंडी से सरसों की खरीद की जा रही है। सरकारी एजेंसियों द्वारा सरसों 4650 रुपये प्रति क्विंटल और गेहूं की 1975 रुपये प्रति क्विंटल की दर से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद की जा रही है।
एसडीएम अपराजिता ने बताया कि उपमंडल में गत एक अप्रैल से सरकार द्वारा जारी हिदायतों के अनुसार सरसों, जौ और गेहूं की उपज की तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। इसके लिए कृषि विपणन बोर्ड, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग सहित अन्य खरीद एजेंसियों के अधिकारियों और कर्मचारियों को सरकार द्वारा जारी हिदायतों के अनुसार दिशा-निर्देश भी दिए गए थे, ताकि उपज को लेकर किसान को परेशान न किया जाए।
कृषि विपणन बोर्ड के कार्यालय के अनुसार, मोहना, फतेहपुर बिल्लौच, फरीदाबाद ओल्ड, एनआईटी व तिगांव अनाज मंडियों में भी गेहूं की खरीद एमएसपी पर की जा रही है। वहीं सरसों की खरीद हरियाणा वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन द्वारा और जौ की खरीद हैफेड द्वारा की जा रही है। गेहूं की खरीद खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, हैफेड, एफसीआई और हरियाणा वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन सरकारी एजेंसी द्वारा एमएसपी पर खरीद की जा रही है।
कहां हुई कितनी खरीद
अनाज मंडी बल्लभगढ़ में लगभग 2 लाख क्विंटल गेहूं की खरीद सरकारी एजेंसियों द्वारा की गई। वहीं, 24 हजार 630 क्विंटल गेहूं का उठान भी किया गया है। तिगांव में 1 लाख 13 हजार 291 क्विंटल गेहूं की खरीद सरकारी एजेंसियों द्वारा की गई है, जबकि 60 हजार क्विंटल गेहूं का उठान भी किया गया है। मोहना अनाज मंडी में 5 लाख 28 हजार 558 क्विंटल गेहूं की खरीद सरकारी एजेंसियों द्वारा की गई है, जबकि 60 हजार क्विंटल गेहूं का उठान भी किया गया है। ओल्ड फरीदाबाद अनाज मंडी में 30 हजार 180 क्विंटल गेहूं की खरीद सरकारी एजेंसियों द्वारा की गई है, जबकि 12 हजार 753 क्विंटल गेहूं का उठान भी किया गया है। फतेहपुर बिलौच में 5 लाख 98 हजार 327 क्विंटल गेहूं की खरीद सरकारी एजेंसियों द्वारा की गई है, जबकि 67 हजार 105 क्विंटल गेहूं का उठान भी किया गया है।