फरीदाबाद। साइबर ठगों ने रेस्तरां में एक थाली पर दो थाली मुफ्त का लालच देकर एनआईटी निवासी एक महिला के खाते से डेढ़ लाख रुपये उड़ा लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। शिकायतकर्ता प्रवीना ने पुलिस को बताया कि नौ फरवरी की सुबह उनके पास एक फोन आया। फोन करने वाले ने उन्हें कहा कि रेस्तरां में एक थाली बुक करने पर दो थाली मुफ्त का ऑफर चल रहा है। प्रवीना ने कहा कि उसे भी थाली बुक करवानी है। साइबर ठग ने प्रवीना के मोबाइल पर एक लिंक भेजकर उस पर क्लिक करने को कहा।
प्रवीना ने जैसे ही लिंक पर क्लिक किया उसके खाते से डेढ़ लाख रुपये निकल गए। यह रकम पांच बार में निकाली गई। यह सब इतनी जल्दी हुआ कि प्रवीना को कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला। प्रवीना ने उस नंबर पर दोबारा फोन किया और पैसे निकलने की बात कही। आरोपी रुपये वापस करने की बात कहकर उनसे अन्य खातों से संबंधित जानकारियां मांगने लगा। पीड़िता इस बार उसकी चाल को समझ गई। साइबर थाना पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है।