बत्ती न पानी, 14 घंटे परेशानी
- संजय कॉलोनी में अज्ञात वाहन की टक्कर से क्षतिग्रस्त हो गया था ट्रांसफार्मर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। बिजली विभाग की ओर से शहर में बिजली सुधार के भले ही बड़े बड़े दावे किए जा रहे हों मगर स्थिति इससे बिल्कुल परे है। हालत यह है कि एक बार फॉल्ट, लाइन टूटने आदि कारणों से बिजली जाने पर लोगों को 14 घंटे लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। संजय कॉलोनी में बृहस्पतिवार को किसी अज्ञात वाहन ने बिजली के खंभे में टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी तेज थी कि खंभा टूट कर वहीं गिर गया। खंभे पर रखा ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना से आसपास के इलाकों में करीब 14 घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। लोगों को घंटों बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। बिजली नहीं होने से पेयजल सप्लाई भी ठप रही।
लोगों ने बताया कि संजय कॉलोनी स्थित 33 फुट रोड पर लगे बिजली के खंभे में एक अज्ञात वाहन चालक टक्कर मार कर भाग गया था। इसके तुरंत बाद सेक्टर 52, 33 फुट रोड की बिजली चली गई। कुछ देर लोगों ने बिजली सप्लाई बहाल होने का इंतजार किया, जब काफी देर बाद भी बिजली नहीं आई तो लोगों ने शिकायत केंद्रों पर फोन करना शुरू किया। मगर यहां भी उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। शिकायत केंद्र कर्मचारियों को ही बिजली कट की कोई जानकारी नहीं थी। सेक्टर 52 निवासी दीपक, पंकज, राहुल, संजीव, प्रियंका, लीलावती, शशि आदि लोगों का कहना है कि बिजली जाने के बाद कुछ देर बाद इनवर्टर ने भी जवाब दे दिया। सुबह 5 बजे गई बिजली शाम 7 बजे आई। बिजली न होने से बच्चों को सबसे अधिक परेशानी हुई।
कोट
खंभा तोड़ने वाले वाहन चालक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई है। साथ ही जानकारी मिलते ही बिजली विभाग ने मरम्मत कार्य शुरू करवा दिया। नया खंभा लगाकर नई लाइन खींची गई। इसमें थोड़ा समय लगा, अब बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है।
- जितेंद्र ढुल, कार्यकारी अभियंता, बिजली निगम