गऊ, गंगा, गीता से भारत की पहचान : कृष्णपाल गुर्जर
फरीदाबाद। केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि भारत की पहचान प्राचीन समय से गऊ, गंगा एवं गीता से बनी हुई है। देश के हर नागरिक को इनकी सेवा करनी चाहिए। इसका अधिकाधिक प्रचार कर दुनिया को एक नया रास्ता दिखाने का कार्य करना होगा। यह सोमवार को तीन करोड़ रुपये की लागत से बनी छह गोशाला के उद्घाटन के दौरान बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। केंद्रीय मंत्री ने सबसे पहले भुपानी गांव में गोशाला का उद्घाटन किया। उसके बाद तिगांव, नवादा, फज्जूपुर खादर, मोठूका, मोहना में किया। इस दौरान उन्होंने गायों को चारा खिलाया व पौधरोपण किया।
उन्होंने कहा कि गाय के साथ मनुष्य का मां जैसा संबंध है। अपनी जननी मां फिर मातृभूमि और फिर गऊ माता को एक समान रूप से माता का दर्जा दिया गया है, जिसे हमें बरकरार रखना चाहिए। हम सभी को भोजन करने से पूर्व पहली रोटी गऊ माता को खिलानी चाहिए।
जिला उपायुक्त समीरपाल सरों ने कहा कि पिछले कुछ समय से गाय के प्रति मनुष्य के समर्पण भाव में कमी आई है। परिणामस्वरूप गाय अनदेखी का शिकार हुई है। इसकी वजह से गौवंश सड़कों पर चोट खाता है। गौशाला के माध्यम से गऊ माता की अच्छी देखभाल हो सकेंगी। इस दौरान पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के दिल्ली क्षेत्र के प्रभारी कृष्णवीर शर्मा ने इन गौशाला के संचालन के लिए 12 लाख रुपये देने की घोषणा की। हरियाणा गौ सेवा आयोग की तरफ से नवादा के सरपंच को पांच लाख रुपये व अन्य पांच सरपंचों को एक-एक लाख रुपये का चेक दिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ उपमहापौर देवेंद्र चौधरी, जिला परिषद चेयरमैन विनोद चौधरी, अतिरिक्त उपायुक्त जितेंद्र दहिया, जिला विकास एंव पंचायत अधिकारी जरनैल सिंह, बीडीपीओ प्रदीप कुमार, पूजा शर्मा, पंचायती राज कार्यकारी अभियंता राजेन्द्र हुड्डा, डीडीएएच डॉ. नीलम आर्य, सरपंच संजय भाटी, भगतसिंह रिंकू जोडला, बेगराज, मंजू बाला भाटी, जयवती, रणजीत सिंह, भाजपा की तिगांव क्षेत्र की निगरानी समिति के अध्यक्ष सुधीर नागर, जिला पार्षद जगत भाटी, सतपाल भाटी, भानसिंह, धर्मसिंह भाटी आदि मौजूद रहे।