फरीदाबाद। पल्ला थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर में 16 वर्षीय किशोरी ने फंदा लगाकर जान दे दी। वह 11वीं कक्षा की छात्रा थी। परिवार के लोग पुलिस को सूचना दिए बिना शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए पहुंच गया। वहां शक होने पर पंडित ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
थाना पल्ला प्रभारी रणवीर ने बताया कि राकेश सिंह एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। श्वेता चौधरी उनकी इकलौती बेटी थी। शनिवार को श्वेता के माता-पिता किसी काम से बाहर गए थे। वह घर पर अकेली थी। इस दौरान उसने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। उसकी चाची किसी काम से नीचे आई तो उसने श्वेता को फंदे पर लटके हुए देखा। जानकारी लगने पर राकेश घर आए और शव को फंदे से उतारा। जानकारी के अभाव में उन्होंने पुलिस को सूचना नहीं दी और शव को श्मशान ले गए। वहां पंडित ने क्रिया के समय गले पर फंदे के निशान देख लिए। बाद में पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। फिलहाल कोई अन्य कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।