सोमवार दोपहर एनआईटी पांच रेलवे रोड स्थित एक होटल में ठहरे युवक ने दुष्कर्म के बाद युवती के गले पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से तुरंत फरार हो गया। होटल संचालक ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने युवती को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रेलवे रोड स्थित ऑर्चिड होटल के संचालक ने बताया कि सुबह करीब सवा नौ बजे युवक व युवती होटल में आए थे। दोनों ने जो आधार कार्ड होटल में दिखाए थे, उसके मुताबिक लड़के का नाम यश अग्रवाल है और राहुल कॉलोनी का रहने वाला है। युवती की पहचान रामपुर उत्तर प्रदेश निवासी ज्योति रानी के रूप में हुई है।
होटल स्टाफ के मुताबिक दोनों पैदल ही होटल पहुंचे थे। दोपहर करीब 2 बजे युवक होटल से निकल गया। युवती लहूलुहान हालत में कमरे के बाहर गैलरी में चिल्ला रही थी। उसके गले पर काटे जाने का निशान था। वह स्टाफ को देखकर गिर पड़ी। होटल स्टाफ ने इसकी सूचना पुलिस को दी। एनआईटी-5 थाने की पुलिस ने युवती को अस्पताल में भर्ती कराया।
एनआइटी-5 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जयबीर ने बताया कि युवती की हालत खतरे से बाहर है, हालांकि वह अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। युवक ने किस हथियार से गला काटा, ये जांच के बाद ही पता लगेगा। फिलहाल होटल के कमरे में कोई हथियार नहीं मिला है। युवती एन आइटी-5 में अपने मामा के पास रहती है। वह किसी ऑनलाइन मार्केटिंग कंपनी के लिए काम करती है। उसके माता-पिता रामपुर सिटी (यूपी) में रहते हैं। युवती के बयान के बाद मामला दर्ज किया जाएगा।