केरल में 20 से 26 फरवरी तक आयोजित की गई 16वीं कुमार सुरेंद्र सिंह मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप में जिले के तीन शूटरों ने पदक जीते। जूनियर वर्ग में अनमोल जैन ने कांस्य पदक हासिल किया।
इसी प्रकार गुड़गांव की नैनी भारद्वाज ने भी महिला जूनियर वर्ग में स्वर्ण प्राप्त किया है। जबकि फरीदाबाद की ओर से खेलने वाली अन्नूराज सिंह और मीना कुमारी ने सीनियर वर्ग में रजत और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया है।
अन्नूराज सिंह ने 25मी. स्पोर्ट्स पिस्टल में रजत हासिल किया। मीना कुमारी ने 10मी. राइफल में अंजूम मुदगिल और विनिता भारद्वाज के साथ टीम इवेंट का स्वर्ण अपने नाम किया।
वहीं, अनमोल ने 50मी. फ्री पिस्टल में 528 अंक हासिल करते हुए कांस्य जीता। नैनी भारद्वाज ने 10मी. पिस्टल जूनियर वूमेन में 379.0-14एक्स मारकर स्वर्ण अपने नाम किया है।
फिलहाल सभी खिलाड़ी केरल में हैं। इनके परिवार में खुशी का माहौल है। उल्लेखनीय है कि भारतीय शूटिंग टीम में शामिल होने के लिए नेशनल प्रतियोगिता, कुमार सुरेंद्र शूटिंग चैंपियनशिप और मास्टर ट्रायल के अलावा छह अन्य ट्रायल के दौरान अर्जित किए गए अंक की ओवरऑल गणना के आधार पर चयन होता है।
इसमें ओलंपिक व राष्ट्रमंडल खेलों में भाग ले चुके खिलाड़ी भी हिस्सा लेते हैं। ट्रायल का आयोजन केरल की राजधानी में 26 फरवरी से शुरू हो चुका है जो छह मार्च तक चलेगा।