अपनी बेटी के जन्मदिन पर घर जा रहे ऑटोमोबाइल इंजीनियर ने कभी नहीं सोचा होगा कि वह बेटी से फिर कभी नहीं मिल पाएगा। उसे क्या पता था कि घर वह नहीं उसका शव पहुंचेगा। दरअसल इंजीनियर बीते शनिवार को अपने घर जा रहा था तभी उसकी कार एक तेज रफ्तार ट्रक से टकरा गई, जिसमें उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार मृतक इंजीनियर की पहचान प्रतीक शर्मा के रूप में हुई है जो मानेसर की एक ऑटोमोबाइल कंपनी में सीनियर इंजीनियर के पद पर तैनात था। पुलिस ने इस मामले में आईपीसी की धारा 279(खतरनाक ड्राइविंग) और 304A(लापरवाही के कारण मृत्यु) के तहत केस दर्ज किया है।
शर्मा अपनी वैगनआर कार से शाहदरा जा रहा था। जब वह मीठापुर पहुंचा तो एक ट्रक ने उलटी दिशा आ रहा था जिसने उसकी वैगनआर को जोरदार टक्कर मारी। यह टक्कर इतनी भयावह थी कि कार का कैबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया कि प्रतीक निकल नहीं पाया। प्रतीक को कार से दो घंटे बाद निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार को उसका शव पोस्टमार्टम के बाद सौंपा जाएगा।