शाहदरा जिले के जीटीबी एंक्लेव एरिया में दिल्ली परिवहन विभाग की प्रवर्तन शाखा में तैनात सिपाही ने एक टेंपो चालक को डंडा मारकर उसका हाथ तोड़ दिया। आरोपी चालक प्रदीप (45) के साथ गाली-गलौज कर रहा था। विरोध करने पर उसने उसके हाथ पर जोर से डंडे मारना शुरू कर दिया।
प्रदीप ने बचने का प्रयास किया तो उसकी टांगों पर भी डंडे मारे गए। प्रदीप दर्द से छटपटाने लगा। उसका हाथ लटक गया। यह देखकर आरोपी सिपाही अपनी टीम को लेकर वहां से फरार हो गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदीप को जीटीबी अस्पताल में इलाज कराया।
उसके हाथ पर प्लास्टर चढ़ा दिया गया है। पीड़ित का बयान लेकर जीटीबी एंक्लेव थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक पीड़ित प्रदीप परिवार के साथ गांव काजमाबाद, परतापुर, मेरठ में रहता है। प्रदीप पेश से टेंपो चालक है। पुलिस को दिए बयान में उसने बताया कि शुक्रवार को वह मेरठ की एक कंपनी से टायर लेकर दिल्ली के जगतपुर गांव आ रहा था। वह अप्सरा बॉर्डर, शाहदरा जीटी रोड होते हुए फ्लाईओवर के ऊपर चढ़ा। इस बीच वहां पर दिल्ली परिवहन विभाग के प्रवर्तन शाखा की टीम खड़ी थी।