एल्विश से पहले पांच आरोपियों की हो चुकी है गिरफ्तारी
मामले में पकड़े गए आरोपियों की पहचान दिल्ली के राहुल (32), टीटूनाथ (45), जयकरन (50), नारायण (50) और रविनाथ (45) के रूप में हुई। इन्होंने पूछताछ में बताया कि वे इन सांपों व स्नैक वेनम का इस्तेमाल रेव पार्टी के लिए करते हैं।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
एल्विश यादव के अलावा अन्य आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं और आईपीसी की धारा-120बी के तहत केस दर्ज किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक इस मामले में जो धाराएं लगाई गईं हैं वो गैर जमानती हैं। इस मामले को लेकर एल्विश ने सफाई में कहा था कि उन पर लगे आरोप बेबुनियाद हैं।
मेनका गांधी की संस्था के पदाधिकारी ने कराई थी एफआईआर
एल्विश समेत अन्य आरोपियों पर सांसद मेनका गांधी की संस्था पीपल फॉर एनिमल में एनिमल वेलफेयर में ऑफिसर के पद पर कार्यरत गौरव गुप्ता ने एफआईआर कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया था कि यूट्यूबर एल्विश यादव अन्य सदस्यों के साथ मिलकर स्नेक वेनम और जिंदा सांपों के साथ वीडियो शूट कराते हैं और गैर कानूनी रूप से रेव पार्टियों को अंजाम देते हैं। जिसमें विदेशी युवतियों को बुलाकर स्नेक वैनम और नशीले पदार्थों का सेवन कराते हैं। जिसके बाद हमारे मुखबिर ने एल्विश यादव से संपर्क किया। एल्विश ने एक एजेंट का नंबर दिया, जिसका नाम उन्होंने राहुल बताया। मुखबिर ने राहुल से संपर्क करके पार्टी आयोजित करने के लिए बुलाया। जिसके सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस की मदद से आरोपियों को पकड़ा गया।
यूट्यूब-इंस्टाग्राम पर 30 मिलियन फॉलोअर्स
एल्विश यादव सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर हैं, उनके 14.5 मिलियन से ज्यादा सब्सक्राइबर्स हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 15.6 मिलियन फॉलोअर्स हैं। उन्होंने 2016 में यूट्यूब वीडियो बनानी शुरू की थी।
जिस पर उसने जब फेमस बॉलीवुड स्टार्स को रोस्ट करना शुरू किया तो वह वायरल हो गया, इसके बाद उसके फॉलोअर्स तेजी से बढ़ते चले गए। उनका एल्विश यादव व्लॉग्स नाम से एक और यूट्यूब चैनल है, जहां उनके लगभग 7.5 मिलियन सब्सक्राइबर हैं।