दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र कुमार जैन को ईडी ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कोलकाता की एक कंपनी से जुड़े हवाला लेन-देन के मामले में की गई है। भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने कहा कि सत्येंद्र जैन के खिलाफ ईडी में उन्होंने 2017 में केस दर्ज करवाया था। तब से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बार-बार जैन को क्लीन चिट दी है। कपिल मिश्रा ने मांग की कि जैन की गिरफ्तारी के बाद मुख्यमंत्री को अब पद पर बने रहने का अधिकार नहीं है। उनको तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान दिल्ली भाजपा प्रमुख आदेश गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को उस भ्रष्टाचार के बारे में पता है, जिसमें जैन शामिल थे। बावजूद इसके मामले पर चुप्पी बनाए रखी। आदेश गुप्ता ने कहा कि केजरीवाल यह जानबूझकर शोर मचा रहे थे कि जैन पर ईडी की कार्रवाई हो सकती है।
आप का दावा- जैन बहुत ईमानदार व्यक्ति हैं
कुछ समय पहले दिल्ली में सत्तारूढ़ दल ने दावा किया था कि जैन बहुत ईमानदार व्यक्ति हैं। उनके खिलाफ मामला अदालत द्वारा खारिज कर दिया जाएगा। उधर,फरवरी में पंजाब चुनाव से पहले केजरीवाल ने दावा किया था कि उन्हें सूत्रों से पता चला है कि ईडी जैन को गिरफ्तार करने जा रही है। भाजपा के आरोपों पर अभी तक आप की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।