डीयू ने की स्पॉट राउंड-1 की घोषणा, अगले राउंड की घोषणा बाद में
दिल्ली विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2023-24 के तहत स्नातक कोर्सेज में सीटें खाली रहने के कारण फिर से दाखिला प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। डीयू में साइंस कोर्सेज व कुछ भाषा कोर्सेज में पांच हजार से अधिक सीटें खाली हैं। इन्हें भरने के लिए डीयू प्रशासन ने स्पॉट राउंड-1 की घोषणा की है। इस राउंड में छात्रों को अपनी सीट को अपग्रेड व दाखिला वापस लेने का अवसर नहीं मिलेगा। इसमें केवल उन्हीं छात्रों को दाखिले का अवसर मिलेगा जिन्हें अब तक कहीं दाखिला नहीं मिला है। स्पॉट राउंड-2 की घोषणा बाद में की जाएगी।
स्पॉट राउंड की शुरुआत मंगलवार (29 अगस्त) से होने जा रही है। इस दिन खाली सीटों की जानकारी शाम पांच बजे तक प्रदर्शित की जाएगी। खाली सीटों पर दाखिले के लिए आवेदक 29 व 30 अगस्त शाम 4:59 मिनट क आवेदन कर सकेंगे। इस राउंड में छात्रों को दाखिला वापस लेने व अपग्रेड करने का अवसर नहीं मिलेगा। अपग्रेड का अवसर केवल ईसीए (एक्सट्रा करिकुलर एक्टिविटी), स्पोर्ट्स, सीडब्लयू श्रेणी के छात्रों को ही मिलेगा। डीयू में जून में स्नातक कोर्सेज में दाखिले के लिए दाखिला प्रक्रिया शुरू हुई थी। दाखिले के लिए तीन राउंड हुए, अंतिम राउंड (तीसरे) की प्रक्रिया 26 अगस्त को ही संपन्न हुई। जिसके बाद अब स्पॉट राउंड की घोषणा की गई है। इसमें ऐसे छात्र दाखिले के योग्य होंगे जिन्होंने कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (सीएसएएस) पोर्टल पर दाखिला के लिए आवेदन किया था, लेकिन उन्होंने किसी कॉलेज में दाखिला नहीं मिला या दाखिला नहीं लिया है वह इस स्पॉट राउंड में भाग ले सकते हैं। स्पॉट राउंड में छात्रों को अपने डैश-बोर्ड के माध्यम से स्पॉट राउंड-1 का विकल्प चुनना होगा।
सीट की उपलब्धता के आधार पर आवंटन होगा
डीयू ने स्पष्ट किया है कि स्पॉट राउंड के तहत सीट का आवंटन सीट की उपलब्धता के आधार पर होगा। वह कोई भी प्रोग्राम या सभी प्रोग्राम का चयन कर सकता है लेकिन सीट खाली रहने पर ही सीट का आवंटन होगा। आवंटित सीट पर दाखिला लेना छात्र के लिए अनिवार्य है। यदि वह सीट को स्वीकार नहीं करता तो वह दाखिला सिस्टम से बाहर हो जाएगा।
स्पॉट राउंड का शेड्यूल
खाली सीटों की जानकारी -29 अगस्त, शाम पांच बजे
खाली सीटों के लिए आवेदन -29 अगस्त से 30 अगस्त
सीट का आवंटन -01 सितंबर शाम पांच बजे
आवंटित सीट को स्वीकार करना -01 सितंबर से तीन सितंबर
कॉलेज का सत्यापन व दाखिले को मंजूरी -02 सितंबर सुबह 10 बजे से तीन सितंबर शाम 4:59 मिनट
फीस भुगतान करने की अंतिम तिथि -05 सितंबर शाम 4:59 मिनट