ग्रेटर नोएडा के डीपीएस में बच्ची से स्वीमिंग पूल के पास दरिंदगी की बात सामने आई है। इस स्थान को घटनास्थल (क्राइम सीन) बताया जा रहा है, जो सीसीटीवी की जद से अलग है और वहां रोशनी भी कम रहती है।
मंगलवार को सूरजपुर कोतवाली की जांच टीम दो बार डीपीएस स्कूल पहुंची। पहली बार में स्कूल प्रबंधन ने पुलिस को टुकड़ों में फुटेज मुहैया कराई। बीच में काफी देर की फुटेज गायब थी जिससे स्थिति साफ नहीं हो रही थी।
इसके बाद टीम दोबारा परिजनों और साइबर टीम को लेकर पहुंची। इस दौरान साइबर टीम ने सीसीटीवी का पूरा डाटा कब्जे में लिया और परिजनों ने बच्ची के बताए अनुसार घटनास्थल चिह्नित कराया।
पुलिस ने घटनास्थल और क्लास रूम से लेकर स्वीमिंग पूल तक का निरीक्षण किया। घटनास्थल स्वीमिंग पूल के बराबर वह स्थान था जहां दरिंदगी की वारदात सीसीटीवी में कैद होने की संभावना कम थी।