गिरफ्तार डॉक्टर की पहचान वरुण गोयल के रूप में हुई है। हाल ही में तिहाड़ में बंद कैदियों के दांत से जुड़ी समस्याओं की जांच के लिए दांत के डॉक्टरों की सेवाएं शुरू की गई थीं। कैदियों को समस्या होने पर डॉक्टर जेल में आकर उसका इलाज करते हैं।
बुधवार को डॉक्टर वरुण कैदी विकास झा का इलाज करने के लिए तिहाड़ के जेल नंबर एक पहुंचा। जेल के ड्यौढ़ी से अंदर जाने के दौरान तमिलनाडु के सुरक्षाकर्मियों ने उसकी तलाशी ली। उसके शर्ट और पेंट से कुछ नहीं मिला। सुरक्षाकर्मियों ने उसे जूते उतारने के लिए कहा। उसके जूते को सुरक्षाकर्मियों ने एक्सरे मशीन पर जांच की। जूते के निचले तल में संदिग्ध चीज रखे जाने का पता चला।
जांच करने पर उसके जूते से 82 ग्राम गांजा मिला। उसे तुरंत हिरासत में लेकर जेल के आला अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई। उसके बाद जेल प्रशासन ने हरिनगर थाने में इसकी शिकायत की। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर डॉक्टर वरुण को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। उधर जेल प्रशासन स्वास्थ्य कर्मियों और कैदी के बीच गठजोड़ को खत्म करने के उपायों पर विचार कर रही है।