यदि आपको दीपावली के मौके पर दिल्ली से अमेरिका अपने किसी दोस्त या रिश्तेदार को मिठाई भेजनी है, तो दुकानदार आपको बता देगा कि लड्डू भेजना ठीक रहेगा या दूसरी कोई लजीज मिठाई। दरअसल, इस बार मिठाई की दुकानों पर दुकानदार खरीददारों को यह बता रहे हैं कि मिठाई कितने दिन तक चल सकती है। कौन सी मिठाई देर तक बिना स्वाद गवांए इस्तेमाल किया जा सकता है। दिल्ली में मिठाई की पारंपरिक दुकानों में मिठाइयों के रेट और बेस्ट बिफोर के टैग को देखा जा सकता है।
गोल मार्केट की मिठाई की दुकान कलेवा के यहां दीपावली को ध्यान में रखते हुए 100 से ज्यादा मिठाइयां तैयार कराई गई हैं। अनगिनत गिफ्ट आइटम भी आकर्षक स्वरूप में उपलब्ध हैं। साल भर बिकने वाली पारंपरिक मिठाइयों के अलग-अलग फ्लेवर बनाए गए हैं। नारियल, परवल, अंजीर, खजूर, बादाम, दूध और मावे से बनी एक से एक लजीज मिठाइयां यहां पर हैं। लेकिन इस बार इन सभी मिठाइयों की एक एक्सपायरी डेट तय की गई है।
मिठाई की ताजगी पर पहले से विशेष ध्यान
कलेवा के मालिक अंशुल अग्रवाल ने बताया कि पहले से यह ख्याल रखा जाता है कि ग्राहकों को ताजी और बेहतर गुणवत्ता वाली मिठाइयां दी जाएं। लेकिन सरकार ने यह अनिवार्य कर दिया है कि मिठाइयों की एक्सपायरी डेट तय की जाय और ग्राहकों को साफ-साफ इसके बारे में बताया जाय। तब से सभी मिठाइयों के आगे एक्सपायरी डेट लिखकर लगाई गई है। इस दीपावली पर जब लोग कलेवा के यहां मिठाई खरीदने आएंगे तो उन्हें यह नयापन दिखाई देगा।
चखने के बीद मिठाई पैक करते हैं
गोल मार्केट में बांग्ला स्वीट्स हाउस, मंडी हाउस में नत्थू स्वीट्स और बंगाली स्वीट्स, दरयागंज की जीवाराम स्वीट्स, जामा मस्जिद के नजदीक कलान स्वीट्स पर लजीज मिठाइयां उपलब्ध हैं। इनमें से अधिकतर जगहों पर मिठाइयों के आगे एक्सपायरी डेट की स्लिप लगी दिखी। कई जगहों पर दुकानदारों ने बताया कि वह ग्राहकों को मिठाई के ताजा होने की जानकारी दे देते हैं। बंगाली मार्केट में संतोष ने बताया कि ग्राहकों को पहले चखने का प्रस्ताव देते हैं, तब मिठाई पैक करते हैं।
अंदाज, उल्लास, मधुरम, रसरंग जैसी पैकिंग
दीपावली को ध्यान रखते हुए मिठाई की दुकानों पर आकर्षक नामों से गिफ्ट पैक उपलब्ध हैं। इनपर नजर पड़ते ही जिसे नहीं खरीदना हो वो भी इन्हें खरीद ले। दीपावली को ध्यान रखते हुए कलेवा ने ड्राई फ्रूट्स से 10 प्रकार के लड्डू बनवाए हैं। इसके अलावा ड्राई फ्रूट्स के विशेष पैकेट भी तैयार कराए हैं। अंदाज, उल्लास, मधुरम, रसरंग, मंगलम इनके हैं। इन पैकेट की कीमत 2200-2500 रुपये तक है।
पॉकेट फ्रैंडली गिफ्ट पैक उपलब्ध हैं
ग्राहकों के लिए पॉकेट फ्रैंडली गिफ्ट पैक बनाए गए हैं। जैसे कि बाय वन, गेट वन फ्री, जैसी स्कीम भी है। अंशुल अग्रवाल ने बताया कि सफाई के सभी मापदंड़ों को ध्यान में रखकर मिठाइयों को बनवाया है। इनमें जंबो चकलेट, अंजीर बर्फी, खजूर बर्फी, बादाम चूरमा लड्डू और दूध का कलाकंद उपलब्ध है।
पॉजिटिव हो चुका है बिजनेस
कोरोना के कारण लंबे समय से बना निराशाजनक माहौल दीपावली पर दूर हो रहा है। लंबे समय बाद फिर से बाजार गुलजार हो गए हैं। दुनादारों ने बताया कि दो साल पहले जैसा उनका बिजनेस फिर पॉजिटिव है, बल्कि कोरोना के कारण सफाई और स्वच्छता ज्यादा बढ़ी है।