दो जनवरी की रात को मॉडल दिव्या पाहुजा की होटल मालिक अभिजीत ने गोली मार कर हत्या कर दी थी। उसकी छह दिन की पुलिस रिमांड पूरी हो गई। पुलिस टीम ने सोमवार को उसे अदालत में पेश किया। अब तक वह 11 दिन पुलिस रिमांड पर रह चुका है। पहली बार पुलिस ने जब उसे अदालत में पेश किया था। उस दौरान पांच दिन की पुलिस रिमांड पर लिया था। उसके बाद पुलिस टीम ने जांच कर उसकी छह दिन की पुलिस रिमांड बढ़ा दी थी।
छह दिन की पुलिस रिमांड के दौरान पुलिस ने उसकी गर्लफ्रेंड मेघा निवासी नजफगढ़, पीएसओ प्रवेश निवासी रोहतक को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर दिल्ली के साउथ एक्स के जे-21 नंबर आवास से दो पिस्तौल बरामद की हैं। जबकि यह भी खुलासा हुआ कि वारदात के बाद उसने मेघा को होटल बुलाया था और उसके साथ कार में जाकर ओल्ड दिल्ली रोड पर मोबाइल व पिस्तौल फेंककर सबूत मिटाया था। मामले की जांच से जुड़े एक अधिकारी का कहना है कि उसकी रिमांड के दौरान हथियार बरामद होने से जांच और मजबूत होती है।
चार आरोपी अब तक भेजे जा चुके हैं जेल
मॉडल दिव्या पाहुजा की हत्या के मामले में अब तक चार लोग जेल जा चुके हैं। जेल जाने वालों में होटल में काम करने वाला हेमराज, ओम प्रकाश, होटल मालिक अभिजीत की गर्ल फ्रेंड मेघा, उसका पीएसओ प्रवेश निवासी रोहतक शामिल है। दिव्या के शव को ठिकाने लगाने वाला बलराज गिल पुलिस रिमांड पर है जबकि उसका दूसरा साथ रवि बंगा फरार है। पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा है।