लैंडफिल साइट पर करीब 36 घंटे तक तेज आग जलती रही। रविवार को दोपहर में यहां आग लगी और पूरी रात धू-धू कर जलती रही। इसे बुझाने के लिए दमकल विभाग के कर्मचारियों को खासा मशक्कत करनी पड़ी। सोमवार को पूरा दिन आग बुझाने की कोशिश की गई। एमसीडी के मुताबिक शाम को करीब 90 फीसदी तक आग पर काबू पा लिया गया। मंगलवार को कूड़े में आग सुलगती रही। शाम को आई आंधी से आस पास के इलाके में धूल और राख फैल गई, जिससे लोग खासा परेशान हुए।
लैंडफिल साइट के 3000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में फैली आग
एमसीडी ने जानकारी दी कि लैंडफिल साइट के 3000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में आग फैली थी, आग पर काबू पाने के लिए इनर्ट और निर्माण व विध्वंसक मलबे का इस्तेमाल किया गया। दूसरी तरफ दमकल की गाड़ियों ने पानी की धार से आग को काबू किया। करीब 600 मीट्रिक टन इनर्ट का इस्तेमाल किया गया। 16 एक्सकेवेटर, चार बुलडोजर और आठ दमकल की गाड़ियां मौके पर लगाई गईं। मौजूदा समय चार से ज्यादा वाटर स्प्रिंकलर मौके पर तैनात किए हैं।