रक्षामंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की डबल इंजन सरकार में उनके संकल्प से ही जेवर में एयरपोर्ट जमीन पर उतर पाया है। आज विकास उत्तर प्रदेश की पहचान है। हिंदुस्तान में पहले उत्तर प्रदेश की गरीब राज्यों में गिनती होती थी, लेकिन मोदी और योगी ने कुछ ही वर्षों में यूपी को गरीब राज्यों की श्रेणी से बाहर कर एक बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में खड़ा किया है। अब भारत में यूपी आर्थिक राजधानी के रूप में अर्थव्यवस्था का पांचवां केंद्र बन गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस-सपा-बसपा की हालत खराब है, उनके द्वारा किए गए वादे पूरे नहीं किए गए। उनका नारा था चुनाव खत्म तो वादा भी खत्म, लेकिन भाजपा ऐसा नहीं करती। भाजपा की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है।
राममंदिर से लेकर धारा 370 का जिक्र कर विपक्ष को घेरा
राजनाथ सिंह ने कहा कि जब हमने कहा था कि जिस दिन भाजपा बहुमत में आएगी उसी दिन जम्मू कश्मीर से धारा 370 को हटेगी। इसके अलावा अयोध्या की धरती पर राम मंदिर बनाया जाएगा, लेकिन कांग्रेस-सपा-बसपा रामलला के मंदिर पर तंज कसते हुए कहते थे कि मंदिर वहीं बनाएंगे लेकिन तारीख नहीं बताएंगे, मगर 22 जनवरी को भाजपा ने रामलाल की प्राण प्रतिष्ठा करके अयोध्या नगरी में भगवान राम को कुटिया से निकालकर राजमहल में ले आई। अब रामराज साबित हो रहा है उन्होंने कहा की मर्यादा पुरुषोत्तम राम मर्यादा का पालन करने वाले थे।
तीन तलाक का भी किया जिक्र
राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा ने तीन तलाक व्यवस्था खत्म करते हुए मां, बहन-बेटियों को भी इससे निजात दिलाई है। हम हिंदुस्तानी मानते हैं कि किसी भी धर्म, किसी भी जाति की महिला बहन, मां-बेटी हो लेकिन हम सभी को एक समान मानते हैं। सरकार बने या ना बने भाजपा देश बनाने के लिए राजनीति करती है।
रक्षा क्षेत्र की उपलब्धियों को गिनाया, डॉ. महेश शर्मा के लिए मांगे वोट
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि एक समय था जब भारत फाइटर जेट, मिसाइल और गोली आदि के लिए दूसरे देशों पर निर्भर था, लेकिन आज भारत आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। अभी तक 31000 करोड़ रुपये के लड़ाकू विमान, गोली, आदि रक्षा उपकरण एक्सपोर्ट कर चुका है। अब भारत का मस्तक ऊंचा हो रहा है, इससे भारत दुनिया का ताकतवर देश बन रहा है। एक लाख करोड़ से भी अधिक के प्रोजेक्ट भारत शुरू कर चुका है। आज कोई देश भारत को यदि आंख दिखाता है तो हम मुंहतोड़ जवाब देने की स्थिति में हैं। लेकिन सपा-बसपा और कांग्रेस को यह सब दिखाई नहीं देता है। उन्होंने जनसभा में क्षत्रिय समाज के लोगों से अपील की कि वह अब डॉक्टर महेश शर्मा के लिए वोट मांगने के लिए आए हैं, लेकिन चुनाव के बाद एक बार फिर उन्हें बुलाकर यहां एक जनसभा आयोजित करनी चाहिए, जिसमें वह अपना सम्मान कराने नहीं बल्कि शीश झुकाने कर आभार व्यक्त करने के लिए आएंगे। उन्होंने कहा कि इस बार दो-तीन लाख नहीं बल्कि पांच लाख वोटों से गौतमबुद्ध नगर लोकसभा प्रत्याशी डॉक्टर महेश शर्मा को जीत कर भेजा जाए।