उत्तरी दिल्ली नगर निगम के अधिकारी डेंगू, चिकनगुनिया व मलेरिया के आंकड़ों में काफी हेराफेर कर रहे हैं। जलजनित बीमारियों के सही आंकड़े न बताना बुधवार को उन्हें महंगा पड़ गया।
स्थायी समिति की बैठक में विपक्ष के ही नहीं, बल्कि सत्तापक्ष के पार्षदों ने कड़ी फटकार लगाई। पार्षदों ने कहा कि अस्पतालों में भर्ती मरीजों की संख्या और निगम के आंकड़ों में जमीन आसमान का अंतर है।
स्थायी समिति की बैठक में नेता प्रतिपक्ष मुकेश गोयल ने जलजनित बीमारियों के प्रकोप पर चर्चा कराने के लिए अल्पकालिक प्रश्न लगाया था। उनके प्रश्नों के जवाब में स्वास्थ्य विभाग ने चौकाने वाले आंकड़े पेश किए। उन्होंने बताया कि गत 17 सितंबर तक मलेरिया के तीन मरीज, डेंगू के 134 और चिकनगुनिया के 244 मरीज अस्पतालों में भर्ती हुए।