प्रधानमंत्री निवास के सामने होने के चलते पूरे देश में विख्यात रेस कोर्स रोड का नाम अब बदल गया है। इसका रोड का नया नाम अब लोक कल्याण मार्ग होगा। इस मार्ग का नाम बदलने को लेकर हुई बैठक में केजरीवाल ने भी भाग लिया था।
बैठक से निकलने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वैसे तो कई नामों का सुझाव आया था लेकिन आम सहमति 'लोक कल्याण मार्ग' पर बनने के कारण ही इसे अंत में स्वीकार कर लिया गया।
मालूम हो कि आम आदमी पार्टी के विधायक कमांडो सुरेंद्र सिंह पहले ही कह चुके हैं कि आरसीआर का नाम बदलकर किसी शहीद के नाम पर किया जाना चाहिए। उन्होंने 1973 में शहीद हुए निर्मलजीत सिंह सिंधू के नाम पर आरसीआर का नाम रखने की सिफारिश भी की थी।
आरसीआर को एकात्म मार्ग करने का प्रस्ताव नई दिल्ली की सांसद मीनाक्षी लेखी और एनडीएमसी के उपाध्यक्ष करण सिंह तंवर लेकर आ रहे हैं। एकात्म नाम जनसंघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय से जुड़ा हुआ है।