दिल्ली का कनॉट प्लेस पड़ा सुनसान
- फोटो : अमर उजाला
वीकेंड कर्फ्यू के बाद दिल्ली में और अधिक प्रतिबंध बढ़ाए जा सकते हैं। रोजाना बढ़ते संक्रमण के मामलों को देखते हुए आगामी सोमवार को दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की आपात बैठक बुलाई है। इस बैठक में एलजी के अलावा मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए उपस्थित रहेंगे। इससे पहले बीते मंगलवार को डीडीएमए की बैठक हुई थी जिसमें शुक्रवार रात से सोमवार सुबह तक वीकेंड कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया गया था।
जानकारी मिली है कि आगामी सोमवार को होने वाली बैठक में कोविड के चलते प्रतिबंधों को और बढ़ाया जा सकता है। साथ ही इस बात पर भी समीक्षा होने वाली है कि दो दिन के वीकेंड कर्फ्यू का असर किस तरह रहा? कर्फ्यू की वजह से संक्रमण के मामले किस हद तक नियंत्रण में आए अथवा नहीं? इसे लेकर भी प्रस्तुति होगी।
इसके अलावा जीनोम सीक्वेंसिंग को लेकर भी स्वास्थ्य विभाग की ओर से ताजा जानकारी साझा की जाएगी। इसमें यह भी पता चलेगा कि दिल्ली में लगातार बढ़ते मामलों में ओमिक्रॉन और डेल्टा की कितनी सहभागिता है? हालांकि दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन बार बार लॉकडाउन नहीं लगने और मजदूरों को किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील कर चुके हैं।