वंश के पिता हरविंद्र शर्मा उर्फ हरिहर स्वामी चैतन्य के अलावा मां प्रीति शर्मा व एक छोटा बेटा अंश है। हरविंद्र ज्योतिष हैं और उनका खुद का यू-ट्यूब चैनल भी है। वंश की मां बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती है। माता-पिता दोनों बेटों को मेहनत से पढ़ा रहे थे।
परिजनों को उम्मीद थी कि वंश की इंजीनियरिंग पूरी होगी तो वह नौकरी करेगा और घर के हालात बेहतर होंगे, लेकिन सब कुछ खत्म हो गया। वहीं, मोनू के परिवार में पिता राजेश कुमार के अलावा मां आशा देवी, बड़ी बहन मीनू और बड़ा भाई हिमांशु है।
राजेश प्राइवेट नौकरी करते हैं, जबकि हिमांशु व माेनू छोटी-मोटी नौकरी करते थे। बुधवार को जैसे ही मोनू की मां ने बेटे की मौत की खबर सुनी तो वह बेहोश हो गई। हादसे के बाद से ही माता-पिता का रोते-रोते बुरा हाल है।
दोनों के मोबाइल में हो सकती है हादसे की वीडियो
हादसे के समय वंश और मोनू दोनों ही अपने-अपने मोबाइल से रेलवे ट्रैक पर रील बना रहे थे, दोनों वीडियो शूट कर रहे थे। इसी दौरान हादसे का शिकार हो गए। माना जा रहा है कि हादसे का वीडियो भी इनके मोबाइल में शूट हुआ होगा।
घर से रेलवे ट्रैक महज 200 मीटर दूर
वंश के पड़ोसी भरत भदौरिया ने बताया कि घर से रेलवे ट्रैक महज 200 मीटर दूरी पर है, अक्सर बच्चे रेलवे ट्रैक पर जाकर खेलते हैं। स्थानीय लोगों के अलावा वहां से गुजरने वाले भी बच्चों को ट्रैक से दूर रहने के लिए कहते हैं। वंश और मोनू दोनों को लोग ट्रैक पर वीडियो बनाने के लिए मना करते थे।
हादसे के समय दोनों लड़के मोबाइल से रील बना रहे थे। छानबीन के दौरान इसका खुलासा हुआ है। दोनों के मोबाइल बरामद कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।-हरीश एचपी, पुलिस उपायुक्त, रेलवे