दिल्ली में गाजीपुर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर वाहन चेकिंग से बचकर भाग रहा एक युवक बाइक से गिरकर घायल हो गया। आरोप है कि बिना हेलमेट देखकर ट्रैफिक पुलिस के सिपाही ने बाइक सवार युवक को पकड़ने के लिए उसकी शर्ट खींच ली।
घायल युवक के नाराज परिचितों ने सिपाही को पीट दिया। उन्होंने गाजीपुर चौक पर जाम लगाकर पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। घंटों जाम होने की वजह से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
जानकारी के मुताबिक वैशाली का रहने वाला शहनवाज (23) बैटरी का काम करता है। शनिवार दोपहर 3:15 बजे वह अपने साथी के साथ मयूर विहार से वैशाली जा रहा था।
इस दौरान गाजीपुर चौक के पास ट्रैफिक पुलिस का एक सिपाही और हवलदार वाहनों की जांच कर रहे थे। बताया गया है कि शाहनवाज हेलमेट पहने बिना साथी के साथ बाइक पर बैठा था, जिसे देखकर सिपाही ने बाइक रोकने का इशारा किया। लेकिन पकड़े जाने के डर से बाइक चालक ने आड़ी-तिरछी कर बाइक भगाने की कोशिश की।