कोरोना से संबंधित कोई कॉल आती है तो पुलिस कॉल पर नहीं जाएगी। पुलिस इसकी सूचना हेल्थ ऑफिस कंट्रोल रूम को देगी। इस तरह की जनरल डायरी इंट्री (जीडी) नई दिल्ली के संसद मार्ग थाने के रोजनामचे में दर्ज हुई है, जबकि ऊपर से ये निर्देश हैं कि पुलिस मौके पर जाएगी और लोगों को पीड़ित या उसके घर से दूर करेगी। ये जीडी एंट्री नई दिल्ली जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। दिल्ली पुलिस को कोरोना से संबंधित काफी कॉल मिलने लगी हैं। सोमवार को भी कालकाजी पुलिस को एक कॉल मिली।
नई दिल्ली पुलिस जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, संसद मार्ग थानाध्यक्ष वेद प्रकाश ने कोरोना को लेकर आलाधिकारियों से मिलने वाले आदेशों को लेकर अपने बीट स्टाफ व जांच अधिकारियों (आईओ) को अवगत कराया था। थानाध्यक्ष द्वारा बताया गया था कि कोविड-19 को लेकर अगर कोई कॉल आती है तो आईओ मौके पर नहीं जाएगा। वह कॉल को देखेंगे और आरएमएल अस्पताल के हेल्थ ऑफिस कंट्रोल रूम को सूचित करेंगे। इसके अलावा दिल्ली पुलिस आयुक्त ने पूरी दिल्ली में धारा-144 लगा दी गई है। पूरे थाने को सैनिटाइजर किया जाएगा। सभी पिकेट पर सैनिटाइजर होना चाहिए। हवलदार जितेन्द्र ने इस बातों की जीडी एंट्री दर्ज की है।
हालांकि दिल्ली पुलिस के आलाधिकारियों ने आदेश दिए हैं कि कोरोना से संबंधित कॉल आने पर संबंधित एजेंसियों को सूचित किया जाएगा और एंबुलेंस के साथ पुलिस मौके पर पहुंचकर लोगों को अलग करेगी। कोरोना से संबंधित एक कॉल सोमवार को कालकाजी पुलिस को मिली। डीडीए फ्लैट्स, मिनी मार्केट और कालकाजी से एक व्यक्ति के कोरोनो से पीड़ित होने की सूचना मिली थी। कालकाजी थाना पुलिस एंबुलेंस को साथ लेकर मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़ित व्यक्ति से लोगों को दूर किया और रास्ते रोक दिए। पीड़ित व्यक्ति को एंबुलेंस में बैठाया। इसके बाद एंबुलेंस पीड़ित व्यक्ति को लेकर चली गई। सभी थाना पुलिस को इस तरह के आदेश मिले हुए हैं।