-इंदरलोक, झंडेवालान और मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया में छापे मारे गए
-टीवीएस और एएसके जैसे जाने-माने ब्रांडों के नकली स्पेयर पार्ट्स और पैकेजिंग सामग्री जब्त
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने एक नकली ऑटो पार्ट्स प्रिंटिंग मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया हैै। पुलिस ने इन आरोपियों को इंदरलोक, झंडेवालान और मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया में छापा मारकर गिरफ्तार किया हैै। यहां से टीवीएस और एएसके जैसे जाने-माने ब्रांडों के नकली स्पेयर पार्ट्स और पैकेजिंग सामग्री जब्त की गई है। साथ ही नकली ब्रेक शू, पैकेजिंग सामग्री, प्रिंटेड रोल और स्टिकर बरामद की गई है।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने बताया कि इंस्पेक्टर अजय गहलावत की टीम ने आठ अप्रैल को मिली एक सूचना के बाद इंद्रलोक, दिल्ली और झंडेवालान, दिल्ली में छापे मारे। यहां से दो आरोपियों इंद्रलोक, दिल्ली निवासी रियाजुद्दीन (51) और कृष्णा नगर, दिल्ली निवासी अनिल कुमार (60) को गिरफ्तार कर लिया। इनसे पूछताछ के बाद एक प्रिंटिंग निर्माण इकाई की पहचान की गई और एक अन्य सह-आरोपी त्रिनगर, दिल्ली निवासी अर्जुन कुमार (49) को गिरफ्तार किया। यह दो गिरफ्तार आरोपियों के लिए नकली एएसके मार्क वाले स्टिकर प्रिंट करता था। इनके कब्जे से लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के नकली ऑटोमोबाइल स्पेयर पार्ट्स और पैकेजिंग सामग्री की भारी मात्रा जब्त की गई, जिससे उन्हें बाजार में फैलने से रोक दिया गया।