नोएडा के लिए उपयोगी
-मधु विहार इलाके की घटना, कारोबारी अपने दादा के साथ नोएडा से आए थे घर
-कारोबारी की हिम्मत के सामने बदमाश हुए पस्त
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मधु विहार के जोशी कॉलोनी इलाके में बृहस्पतिवार रात गाड़ी से उतरकर अपने परिवार के सदस्यों के साथ घर जा रहे एक कारोबारी से बाइक सवार दो बदमाशों ने बैग लूट लिया। बैग में करीब एक लाख रुपए थे। कारोबारी के परिवार के एक सदस्य ने बदमाशों का कार से पीछा किया। बदमाशों ने पहले हवा में गोली चलाई, लेकिन कार से टक्कर लगने के बाद बदमाश गिर गए और नकदी और हथियार को फेंककर भाग गए। पुलिस ने इस बाबत मामला दर्ज कर लिया है और बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।
पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने बताया कि 9 अप्रैल को मधु विहार थाना पुलिस को आईपी एक्सटेंशन स्थित जोशी कॉलोनी से गोलीबारी और लूट की सूचना मिली। वहां मौजूद शिकायतकर्ता प्रिंस ने बताया कि उनके दादा अनिल कुमार गुप्ता का सेक्टर-62 नोएडा में फास्ट मूविंग कंज्यूमर गुड्स का थोक कारोबार है। वह अपनी कार से परिवार के सदस्यों और एक कर्मचारी के साथ घर लौटे थे। रात करीब 10.30 बजे रॉयल बैंक्वेट हॉल के पास गाड़ी से उतरकर प्रिंस अपने दादा के साथ अपने घर की ओर जा रहे थे, तभी एक बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे। एक ने पिस्टल दिखाकर उन्हें डराया और दादा के हाथ से बैग छीन लिया। बैग में करीब एक लाख रुपये थे। शोर सुनकर परिवार के एक सदस्य राहुल ने कार से आरोपियों का पीछा किया और कुछ दूर जाने के बाद उसने कार से बदमाशों की बाइक में टक्कर मार दी। पीछा करने का अहसास होने पर बदमाशों ने हवा में गोली चला दी। टक्कर के बाद दोनों बदमाश सड़क पर गिर गए। इसके बाद वह उठकर भागते हुए लूटा गया बैग और हथियार को भी फेंककर भाग गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने नकदी और हथियार बरामद किया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आस पास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को कब्जे में लेकर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। जिला की सभी यूनिट मामले की जांच में जुटी है।