राजधानी के दक्षिण जिले के स्पेशल स्टाफ ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश कर तीन को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बढ़िया क्वालिटी का 93.582 किलो गांजा बरामद किया गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद गांजे की कीमत 5.50 करोड़ रुपये बताई जा रही है। आरोपी ओडिशा से गांजा लाकर दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई करते थे।
दक्षिण जिला डीसीपी अतुल कुमार ठाकुर गिरफ्तार आरोपियों की पहचान न्यू उस्मानपुर निवासी संजय कुमार(38), रामप्रसाद(49) और मो. इसराइल(52) के रूप में हुई। इन्होंने बरामद गांजे की खेप को 45 अलग-अलग पैकेट में रखकर तीन बड़े बैग में छिपाया हुआ था। इन्हें ये ऑटो से ले जा रहे थे।
स्पेशल स्टाफ ने एएसआई दयानंद को सूचना मिली थी कि ऑटो में गांजा लाया जा रहा है। गांजा मालवीय नगर एरिया में आएगा। स्पेशल स्टाफ प्रभारी अतुल त्यागी की देखरेख में एसआई धर्मेन्द्र व एएसआई अशोक कुमार की टीम ने एमएमटीसी रोड पर घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि ये उड़ीसा से ट्रक में गांजे का छिपाकर लाते थे। ये उनको फिटकरी के बैग में छिपाकर रखते थे। ये ट्रांसपोर्ट नगर में किराए के गोदाम लेकर उसमें गांजा रखते थे। आरोपी रामप्रसाद के खिलाफ पहले से मामला दर्ज है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि ये कब से गांजा सप्लाई कर रहे थे।